UP IMD Heat wave alert: यूपी में अगले 72 घंटे इन जिलों में भयानक हीटवेव का अलर्ट, जानिए बारिश को लेकर क्या है अपडेट

UP IMD Heat wave alert: लखनऊ आंचलिक मौसम केंद्र ने अगले 72 घंटों के लिए उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भीषण लू और गर्म रात को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि, इस भीषण तपिश के बीच मौसम विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर एक राहत भरी खबर भी दी है। उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आगामी 72 घंटे मौसम को लेकर बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं

अपडेटेड Apr 23, 2026 पर 9:33 PM
Story continues below Advertisement
UP IMD Heat wave alert: यूपी के बड़े हिस्से में भीषण लू और गर्म रात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है

UP IMD Heat wave alert: उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। लखनऊ आंचलिक मौसम केंद्र ने अगले 72 घंटों के लिए प्रदेश के बड़े हिस्से में भीषण लू और गर्म रात को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि, इस भीषण तपिश के बीच मौसम विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर एक राहत भरी खबर भी दी है। उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आगामी 72 घंटे मौसम को लेकर बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं।

IMD के अनुसार, आंतरिक महाराष्ट्र के ऊपर बने एक 'प्रतिचक्रवात' और निचले वायुमंडल में आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस का और इजाफा होने की आशंका है। इसकी वजह से 24 से 26 अप्रैल के बीच प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में भीषण लू चलने का अनुमान है।

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट


मौसम विभाग ने लू को लेकर शुक्रवार से रविवार तक भारी अलर्ट जारी किया है:-

24 अप्रैल: प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, आगरा, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा और जालौन समेत 40 जिलों में लू चलने की प्रबल आशंका है।

25 अप्रैल: यह दिन सबसे कठिन होगा। लखनऊ, अयोध्या, मेरठ, बरेली, झांसी और लखीमपुर खीरी सहित प्रदेश के लगभग 60 जिलों में भीषण लू का प्रकोप रहेगा।

26 अप्रैल: पूर्वांचल के जिलों जैसे वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, और सोनभद्र में लू का असर जारी रहेगा।

पश्चिमी यूपी में रात भी होगी गर्म

गर्मी का सितम सिर्फ दिन तक सीमित नहीं रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में अगले 3 दिनों तक 'उष्ण रात्रि' की चेतावनी दी गई है। इसका मतलब है कि रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहेगा।

प्रभावित जिले: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, नोएडा, गाजियाबाद और बुलंदशहर में 25 अप्रैल तक रातें बेहद गर्म रहने वाली हैं।

सोनभद्र और मिर्जापुर जैसे जिलों में 23 से 25 अप्रैल के बीच Heat Index 40-50°C के बीच रहने की संभावना है। यानी वास्तविक तापमान भले ही कम हो। लेकिन शरीर को महसूस होने वाली गर्मी 50 डिग्री के स्तर की हो सकती है। 26-27 अप्रैल को यही स्थिति गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ जैसे पूर्वी जिलों में भी देखने को मिलेगी।

क्या 26 अप्रैल से होगी बारिश?

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने सुकून देने वाला अपडेट भी दिया है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 26 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलेगा। 26 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में छिटपुट वर्षा का दौर शुरू होगा। धीरे-धीरे यह बारिश पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी। बारिश के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे 26 अप्रैल के बाद लू की स्थितियों में आंशिक सुधार होगा।

सावधानी बरतने की सलाह

तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक अधिक रहने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने, सूती कपड़े पहनने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- Heatwave alert in UP: भीषण गर्मी से परेशान मजदूरों को बड़ी राहत! यूपी के इन 4 जिलों में दोपहर 12 से 4 बजे तक काम करने पर रोक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।