UP News: यूपी के बुलंदशहर में हनुमान मंदिर में नमाज पढ़ने पर बवाल, वीडियो वायरल होने के बाद FIR दर्ज

UP News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक गांव ओलिना स्थित हनुमान मंदिर परिसर में कथित तौर पर नमाज अदा करने का मामला सामने आने के बाद तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मंदिर परिसर में कथित तौर पर नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 11:24 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP News: नमाज अदा करने का मामला सामने आने के बाद तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है

UP News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक परेशान करने वाला मामला सामने आया है। बुलंदशहर के एक गांव में हनुमान मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। जिले के औरंगाबाद क्षेत्र के गांव ओलिना स्थित हनुमान मंदिर परिसर में कथित तौर पर नमाज अदा करने का मामला सामने आने के बाद तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मंदिर परिसर में कथित तौर पर नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

यूपी पुलिस ने पीटीआई को बताया कि 31 मई को असर मोहम्मद अपने साथी नजर मोहम्मद एवं अन्य के साथ औरंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत औलीना गांव में राजमिस्त्री का काम करने के लिए राजकुमार नामक व्यक्ति के घर आया था। पुलिस ने बताया कि कुछ देर काम करने के बाद मजदूरों ने दोपहर के भोजन के लिए आराम किया। इस दौरान कथित तौर पर असर मोहम्मद ने हल्की बारिश के बीच मंदिर के अंदर नमाज अदा की। उस समय नजर मोहम्मद भी वहां मौजूद था।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को घटना प्रथम दृष्टया सही प्रतीत हुई। पुलिस के मुताबिक इस कृत्य का उद्देश्य पूजा स्थल को अपवित्र करके हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना था। औरंगाबाद थाना के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद असलम ने पीटीआई को बताया कि मामले में FIR दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।


सीएम योगी दे चुके हैं चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में सड़क पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर लोगों को सलाह देने के साथ चेतावनी भी दी थी। सड़क पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर उन्होंने दो टूक कहा कि नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए, हम रोकेंगे नहीं। लेकिन सड़क पर इसकी इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते कि यूपी में फिर से दंगे-कर्फ्यू का माहौल बने। यूपी में किसी को अराजकता फैलाने की छूट नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग पूछते हैं कि आपके यहां यूपी में क्या सड़कों पर सचमुच नमाज नहीं होती? मैं कहता हूं कि कतई नहीं होती है। आप जाकर देख लो, नहीं होती है। सड़कें चलने के लिए हैं या कोई भी व्यक्ति चौराहे पर आकर तमाशा बना देगा? क्या अधिकार है उसको सड़क रोकने का, आवागमन बाधित करने का? जहां इसका स्थल है, वहां जाकर पढ़ो। लोगों ने मुझसे कहा, कैसे होगा, हमारी संख्या ज्यादा है?

सीएम योगी ने आगे कहा, "हमने कहा शिफ्ट में कर लो। घर में रहने की जगह नहीं है, तो संख्या नियंत्रित कर लो और सामर्थ्य नहीं है तो क्यों संख्या बढ़ाए जा रहे। आपको सिस्टम के साथ रहना है तो नियम-कानून मानना शुरू करें। नमाज पढ़नी है, आप शिफ्ट में पढ़िए। हम रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं।"

ये भी पढ़ें- No PUCC No Fuel: अब NCR में 1 अक्टूबर से इन गाड़ियों को नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल और CNG, यूपी में नया नियम लागू

योगी ने यह भी कहा, "सामान्य नागरिक, बीमार व्यक्ति, कामगार, कर्मचारी सभी सड़कों पर चलते हैं, हम सड़क बाधित नहीं करने देंगे। प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे। बरेली में लोगों ने हाथ आजमाने का कार्य किया, देख ली सरकार की ताकत। सरकार हर सिस्टम के साथ पूरी व्यवस्था को जोड़ना चाहती है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।