UP Rain alert: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आपको बता दें कि गुरुवार को नोएडा (गौतम बुद्ध नगर)में धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) लखनऊ के अनुसार, अगले 24 घंटे प्रदेश के लिए काफी संवेदनशील रहने वाले हैं।
ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी
आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि की प्रबल आशंका है। इसके लिए दो अलग-अलग कैटेगरी में अलर्ट जारी किया गया है।
सर्वाधिक संभावना वाले क्षेत्र: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर में ओलावृष्टि की आशंका है।
अन्य प्रभावित जिले: प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, उन्नाव, रायबरेली, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में भी ओले गिरने के आसार हैं।
70 KM/H की रफ्तार से चलेगा 'थंडरस्क्वाल'
मौसम विभाग ने हवाओं की गति को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। लेटेस्ट 'नाउकास्ट' के मुताबिक मेरठ, बागपत और शामली जिलों में 60-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चलने और मध्यम से तेज वर्षा के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके अलावा, अलीगढ़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे जिलों में 40-60 किमी प्रति घंटा की गति से आंधी और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है।
लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से जारी अलर्ट नीचे देखिए
वज्रपात और मेघगर्जन का खतरा
लखनऊ केंद्र ने लगभग पूरे उत्तर प्रदेश में मेघगर्जन और आसमानी बिजली (वज्रपात) को लेकर सतर्क रहने को कहा है। विशेष रूप से प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा और झांसी सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली गिरने की संभावना अधिक है। अलीगढ़, संभल, अमरोहा, बिजनौर और सहारनपुर में भी हल्की वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए 'Take Action' और 'Be Prepared' की सलाह दी है। तेज आंधी के दौरान कच्चे मकानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को भी तैयार फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने का सुझाव दिया गया है।