UP Flood: यूपी में बाढ़-बारिश से हाहाकार! अयोध्या में सरयू नदी में उफान पर, बुलंदशहर में स्कूल बंद, इन जिलों में अलर्ट जारी

UP Flood: अयोध्या में सरयू नदी उफान पर है। भारी बारिश के बाद सरयू नदी रविवार 6 जुलाई को खतरे का निशान पार कर गई। अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वालों से बिना समय गंवाए ऊपरी इलाकों में जाने को कहा है। इसके साथ ही इलाके के आसपास रहने वाले लोगों को भी कहीं और जाने को कहा गया है

अपडेटेड Jul 07, 2025 पर 10:09 AM
UP Flood: अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वालों से बिना समय गंवाए ऊपरी इलाकों में जाने को कहा है

UP Flood: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून ने जनजीवन को प्रभावित किया है। बुलंदशहर में रविवार रात 2 बजे से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिले की गलियों में 3 फीट तक पानी भर गया है। जिलाधिकारी श्रुति ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी का आदेश दिया है। अयोध्या में सरयू नदी उफान पर है। भारी बारिश के बाद सरयू नदी रविवार 6 जुलाई को खतरे का निशान पार कर गई। अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वालों से बिना समय गंवाए ऊपरी इलाकों में जाने को कहा है। इसके साथ ही इलाके के आसपास रहने वाले लोगों को भी कहीं और जाने को कहा गया है

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश देखने को मिलेगी। IMD ने सोमवार के लिए सहारनपुर, शामली, बरेली, पीलीभीत समेत उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर से सटे कई जिलों में भीषण बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इन इलाकों में IMD ने 'यलो अलर्ट' जारी किया है।

IMD के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, बनारस और आसपास के इलाकों में मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर रहेगी। यहां पर छिटपुट या हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल, इन जिलों में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। इन क्षेत्रों में खेतों की सिंचाई और जलस्तर पर असर पड़ सकता है। इन इलाकों के किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे।


यूपी के 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब वेदर के दौरान खुले इलाकों में जाने से बचें और सावधानी बरतें। मानसून के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आई है। लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। आशंका है कि अगले कुछ दिनों तक यूपी के कई हिस्सों में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के कई हिस्सों में भी सोमवार सुबह बारिश हुई। इससे पिछले कुछ दिनों से जारी गर्मी एवं उमस से लोगों को राहत मिली। नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (आरडब्ल्यूएफसी) ने सुबह साढ़े बजे जारी अपडेट जानकारी में कहा, "पूरे दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में अगले दो घंटे के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और (30-40 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ) आंधी की संभावना है।"

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि अगले दो दिन में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। उसके बाद बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी। लगातार बारिश से राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में गिरावट आने और उमस भरे मौसम से राहत मिलने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।