UP Viral News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बुधवार (22 मई) को अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ग्रेटर नोएडा से आए एक युवक को सरयू नदी में स्नान के दौरान मगरमच्छ ने पानी में खींच लिया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा के परी चौक इलाके का निवासी दीपक (30) अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने उमरी बेगमगंज आया था। इस दौरान वह अन्य परिजनों एवं रिश्तेदारों के साथ सोनौली मोहम्मदपुर के पास सरयू नदी में स्नान करने गया था।
पुलिस ने बताया कि इसी दौरान अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर हमला करके नदी में खींच लिया जिससे वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद किसी की भी हिम्मत नहीं हुई कि उसे बचाने की कोशिश करे। सभी लोग मूकदर्शक बने रहे। न्यूज 18 के मुताबिक, यह घटना गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सरयू नदी के किनारे अंतिम संस्कार की तैयार की जा रही थी। इसी दौरान दीपक चिता के लिए गड्ढा खोदने के बाद हाथ धोने नदी किनारे गया। जैसे ही वह पानी में हाथ डालने के लिए झुका, अचानक एक बड़ा मगरमच्छ नदी से बाहर निकला और युवक का सिर अपने जबड़े में दबाकर तेजी से नदी के अंदर खींच ले गया।
मौके पर मौजूद लोग चीख-पुकार मचाते रह गए। आसपास के कुछ लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की। लेकिन मगरमच्छ की तेज रफ्तार के कारण युवक को बचाया नहीं जा सका। दीपक के ससुर बाबूलाल शर्मा ने बताया कि स्नान के दौरान मगरमच्छ ने दीपक पर हमला कर दिया और उसे खींचकर गहरे पानी में ले गया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में दशहत का माहौल है। एक अधिकारी ने कहा कि हमारी पूरी कोशिश युवक का पता लगाना है। उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगी हुई हैं। इलाके में प्रशासन के सीनियर अधिकारी मौजूद हैं।