IMD Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। यूपी में सर्दियां शुरू होने से पहले अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई इलाकों में बेमौसम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की भी आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण तापमान में भी बड़ी गिरावट आ सकती है।
वहीं इसकी वजह से प्रदेश में ठंड बढ़ सकती है। वहीं लेकिन तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं कैसा होगा यूपी में आज का मौसम
150 KMPH की स्पीड से चलेगी हवाएं
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ इस समय बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच टकराने की आशंका है। तूफान के दौरान हवाएं 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इस दौरान हवा की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसका असर 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश में भी दिखने लगेगा। प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
28 से 31 अक्टूबर तक होगी तेज बारिश
आईएमडी के मुताबिक, 28 अक्टूबर से पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है, वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 29 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हो सकती है और पश्चिमी यूपी में भी कुछ जगहों पर बौछारें पड़ने के आसार हैं। 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इस दिन पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 31 अक्टूबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया जैसे कई शहरों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इसके बाद 30 अक्टूबर को देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तेज हवाओं के साथ बिजली का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच यूपी के कई जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। पूर्वी यूपी में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव और आसपास के इलाकों में भी मौसम खराब हो सकता है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज बारिश, आंधी और बिजली चमकने के दौरान घर के अंदर रहें और पेड़ों, खुले मैदानों व पानी वाली जगहों से दूर रहें। भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भर सकता है, इसलिए जलभराव वाली सड़कों और उफनते नालों के पास जाने से बचें। बारिश में वाहन चलाते समय भी सावधानी रखें। विभाग तूफान पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम की ताजा जानकारी व स्थानीय चेतावनियों का ध्यान रखने की अपील की गई है।