UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। चक्रवात 'अर्नब' की वजह से राज्य के लोगों को अभी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो झोंकों में बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर न रहने की अपील की है। मौसम के इस तरह से बदलने से राज्य में ठंड बढ़ेगी। आइए जानते हैं कैसा होगा आज यूपी का मौसम
नहीं मिलेगी बारिश से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा दोनों क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। आईएमडी के मुताबिक, 31 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, इस दिन किसी भी संभाग के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
1 और 2 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की बहुत संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 3 नवंबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर और अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, पश्चिमी यूपी के बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और संभल में भी तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रतापगढ़, वाराणसी, लखनऊ, अयोध्या, मेरठ, गाजियाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर और बरेली समेत कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
लोगों को सावधान रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है। साथ ही जलभराव वाले इलाकों और नदियों-नालों से दूर रहने को कहा है। 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, जबकि 31 अक्टूबर के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है।
किसानों के लिए भी जारी की गई सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को बारिश और तेज हवाओं से फसलों को बचाने की सलाह दी है। गन्ने, अरहर, मक्का, धान और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को फसलों को सहारा देने, कटी हुई उपज सुरक्षित रखने और खेतों में जलभराव रोकने के लिए उचित व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही सरसों, चना, मटर, आलू और गेहूं की बुवाई मौसम सामान्य होने तक टालने की सलाह दी गई है।