यूपी के 4 शहरों में सरकारी प्लॉट का बंपर ई ऑक्शन, 4 जरूरी तारीखें नोट कर लें वरना हाथ से निकल जाएगी सपनों के घर वाली जमीन

इच्छुक आवेदक UPSIDA के ई-ऑक्शन पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले सभी नियम, पात्रता, प्लॉट का विवरण और भुगतान संबंधी जानकारी ध्यान से पढ़ना जरूरी है। औद्योगिक प्लॉट के लिए आवेदन निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से भी किया जा सकता है

अपडेटेड Jul 09, 2026 पर 4:02 PM
UPSIDA ने अलग-अलग शहरों में आवासीय और व्यावसायिक प्लॉटों के लिए मेगा ई-ऑक्शन की घोषणा की है

अगर आप उत्तर प्रदेश में अपना घर बनाने या भविष्य के लिए जमीन में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो यह आपके लिए शानदार मौका है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) ने अलग-अलग शहरों में आवासीय और व्यावसायिक प्लॉटों के लिए मेगा ई-ऑक्शन की घोषणा की है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिससे इच्छुक लोग घर बैठे आवेदन कर सकेंगे।

इस मेगा ई-ऑक्शन के तहत प्रयागराज, उन्नाव, बाराबंकी और हरदोई में आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, गौतमबुद्ध नगर में बैंक्वेट हॉल के लिए व्यावसायिक प्लॉट भी नीलामी के जरिए आवंटित किए जाएंगे। UPSIDA का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, आसान और ऑनलाइन होगी।

इन शहरों में मिलेंगे आवासीय प्लॉट


मेगा ई-ऑक्शन के तहत जिन शहरों में आवासीय प्लॉट उपलब्ध होंगे, उनमें सरस्वती हाईटेक सिटी, प्रयागराज, ट्रांसगंगा सिटी, उन्नाव, बाराबंकी और हरदोई शामिल हैं। जो लोग अपने सपनों का घर बनाना चाहते हैं या भविष्य के लिए सुरक्षित निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए यह अच्छा अवसर माना जा रहा है।

इन 4 जरूरी तारीखों को जरूर नोट करें

ई-ऑक्शन में हिस्सा लेने के लिए समय-सीमा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अगर कोई तारीख छूट गई, तो आवेदन का मौका भी हाथ से निकल सकता है।

  • 9 जुलाई 2026, सुबह 10:00 बजे – पंजीकरण और दस्तावेज डाउनलोड की प्रक्रिया शुरू।
  • 27 जुलाई 2026, शाम 6:00 बजे – कैटलॉग, प्रोसेसिंग फीस और ईएमडी जमा करने की अंतिम तिथि।
  • 28 जुलाई 2026, शाम 6:00 बजे – ऑनलाइन दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख।
  • 31 जुलाई 2026, सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक – ऑनलाइन ई-बिडिंग (बोली) होगी। ऐसे करें आवेदन

इच्छुक आवेदक UPSIDA के ई-ऑक्शन पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले सभी नियम, पात्रता, प्लॉट का विवरण और भुगतान संबंधी जानकारी ध्यान से पढ़ना जरूरी है। औद्योगिक प्लॉट के लिए आवेदन निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से भी किया जा सकता है।

यहां पाएं पूरी जानकारी

ई-ऑक्शन से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए इच्छुक लोग हेल्पलाइन 9510974587 पर संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक तथा महीने के पहले और तीसरे शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ईमेल eauction@upsida.co.in पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अगर आप सरकारी योजना के तहत पारदर्शी प्रक्रिया में प्लॉट खरीदना चाहते हैं, तो इन तारीखों को अभी नोट कर लें, क्योंकि समय निकलने के बाद इस अवसर का लाभ नहीं मिल पाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।