US-Iran War: दुबई में मिसाइल का मलबा गिरने से 2 भारतीय घायल, एयर डिफेंस ने हमले को किया नाकाम

US-Iran War : सामने आई जानकारी के मुताबिक, सभी को हल्की चोटें आई हैं और कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ है। दुबई मीडिया ऑफिस ने एक्स (पहले ट्विटर) पर जानकारी देते हुए कहा कि दक्षिणी दुबई में घरों पर गिरे मिसाइल के मलबे से यह घटना हुई। इसमें दो भारतीय, एक बांग्लादेशी और एक श्रीलंकाई नागरिक घायल हुए हैं

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 10:02 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच लड़ाई 28 फरवरी को शुरू हुई थी।

ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध बीते एक महीने से जारी है। इस युद्ध से हुए नुकसान से भारत भी अछूता नहीं रहा। युद्ध प्रभावित क्षेत्र में जंग की वजह से अबतक 8 भारतीयों की जान जा चुकी हैं। वहीं मंगलवार को दुबई के अल बदा इलाके में रिहायशी इमारतों पर एयर डिफेंस मिसाइल को रोकने के दौरान उसका मलबा गिर गया। इस घटना में चार लोग घायल हुए, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।बाकी घायलों में एक बांग्लादेश और एक श्रीलंका का नागरिक शामिल है।

हमले में दो भारतीय घायल 

सामने आई जानकारी के मुताबिक, सभी को हल्की चोटें आई हैं और कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ है। दुबई मीडिया ऑफिस ने एक्स (पहले ट्विटर) पर जानकारी देते हुए कहा कि दक्षिणी दुबई में घरों पर गिरे मिसाइल के मलबे से यह घटना हुई। इसमें दो भारतीय, एक बांग्लादेशी और एक श्रीलंकाई नागरिक घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले को पूरी सुरक्षा और सतर्कता के साथ संभाला गया है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।


रिहायशी इलाके में गिरा था मलबा 

इससे पहले दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया था कि एयर डिफेंस द्वारा मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने के बाद उसका मलबा रिहायशी घरों पर गिरा, जिससे कुछ संपत्ति को नुकसान हुआ और लोगों को हल्की चोटें आईं। सोमवार को जारी एक अपडेट में यह भी कहा गया कि अलग-अलग घटनाओं में आठ भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक भारतीय अभी भी लापता है।पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच विदेश मंत्रालय ने भी सोमवार को बताया कि इस क्षेत्र में हुई विभिन्न घटनाओं में आठ भारतीयों की जान गई है और एक व्यक्ति का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

अब तक 8 भारतीयों की हो चुकी है मौत

वहीं अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने पुष्टि की कि हाल ही में कुवैत में हुए एक हमले में भी एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी। उन्होंने कहा, “हम मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। कुवैत में मौजूद हमारा मिशन परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर संभव मदद दी जा रही है। साथ ही, पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।” इससे पहले 20 मार्च को हुई एक ब्रीफिंग में उन्होंने बताया था कि अलग-अलग घटनाओं में छह भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी और एक व्यक्ति लापता था। अब सोमवार को दिए गए ताजा अपडेट में उन्होंने कहा कि विभिन्न घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।