Helicopter Crash: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार (8 मई) को गंगनानी के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पर्यटक घायल हैं। इसमें सात लोग सवार थे। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने न्यूज एजेंसी ANI से पुष्टि की है कि उत्तरकाशी जिले के गंगनानी के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना में 5 यात्रियों की मृत्यु हो गई है और 2 गंभीर रूप से घायल हैं।
उत्तरकाशी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल सिंह ने फोन पर पीटीआई को बताया कि घायलों को निकाल लिया गया है लेकिन अन्य के बारे में अभी तक कोई स्पष्टता नहीं है। उन्होंने बताया कि बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, "उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।"
उन्होंने कहा, "ईश्वर हादसे में दिवंगत लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।" धामी ने कहा, "प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं। हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।"
रिपोर्ट के मुताबिक, यात्रियों से भरा हेलीकॉप्टर देहरादुन से हर्सिल हेलीपैड तक उड़ रहा था। वहां से पर्यटकों को सड़क के किनारे गंगनानी की लगभग 30 किमी की दूरी तय करनी थी। राज्य आपदा राहत बल (SDRF) और जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए जगह पर पहुंच गई हैं। बचाव अभियान चल रहा है। उत्तरकाशी का जिला मजिस्ट्रेट भी स्थान के लिए रवाना हो गया है। दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार दुर्घटना गुरवार सुबह पौने 9 बजे ऋषिकेश-गंगोत्री नेशनल हाईवे पर हुई। पुलिस ने बताया कि 'एयरोट्रांस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' के इस हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे जिनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने बताया कि हेलीकॉप्टर देहरादून में सहस्त्रधारा हेलीपैड से यमुनोत्री के खरसाली हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था जिसके पायलट कैप्टन रॉबिन सिंह थे। एसडीआरएफ के अनुसार हेलीकॉप्टर 200-250 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में सवार चार लोग मुंबई तथा दो अन्य आंध्र प्रदेश के बताए जा रहे हैं।