Varanasi: अस्सी घाट आने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! ₹9.84 करोड़ की लागत से बन रही हाईटेक मल्टीलेवल कार पार्किंग

Varanasi Assi Ghat Multilevel Car Parking: वाराणसी का विश्वप्रसिद्ध अस्सी घाट जल्द ही जाम के झाम से पूरी तरह मुक्त होने वाला है। पर्यटकों की भारी भीड़ और गाड़ियों के दबाव से निपटने के लिए यहां शहर की पहली 4-मंजिला मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाई जा रही है। आखिर कब से मिलेगी यह सुविधा और क्या है इसकी खासियत? जानने के लिए पढ़ें पूरी रिपोर्ट

अपडेटेड Oct 05, 2026 पर 4:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हाईटेक मल्टीलेवल पार्किंग में हाइड्रोलिक लिफ्ट से कार को एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर तक पहुंचाया जाएगा

Varanasi Assi Ghat: वाराणसी का अस्सी घाट इन दिनों टूरिज्म का नया केंद्र बना हुआ है। सुबह-ए-बनारस के साथ यहां शाम की गंगा आरती को देखने के लिए हर दिन हजारों पर्यटक आते हैं। लगातार बढ़ते पर्यटकों की भीड़ के कारण यहां जाम की समस्या भी आम हो गई है। जाम की इस आफत को मैकेनाइज्ड पार्किंग से खत्म किया जाएगा। इसके लिए घाट के करीब मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।

इस हाईटेक मल्टीलेवल पार्किंग में हाइड्रोलिक लिफ्ट से कार को एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर तक पहुंचाया जाएगा। अस्सी घाट के करीब निर्माणाधीन इस मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग की तर्ज पर गोदौलिया चौराहे पर टू-व्हीलर मल्टीलेवल हाईटेक पार्किंग बनाई जा चुकी है। हालांकि अस्सी पर बन रही पार्किंग शहर की पहली मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग होगी।

इस मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर ₹9.84 करोड़ खर्च होंगे। अस्सी पर फिलहाल इस हाईटेक पार्किंग के निर्माण का काम तेजी से जारी है। माना जा रहा है नए साल तक इसके निर्माण का काम लगभग पूरा भी हो जाएगा। उसके बाद अस्सी और भदैनी इलाके में सड़क किनारे खड़े वाहनों का दबाव भी कम होगा जिससे लोगों को जाम से निजात भी मिलेगी। बताते चलें कि इसके निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (CNDS) को सौंपी गई है। लगातार अफसर इसका जायजा लेकर इसकी प्रगति रिपोर्ट भी देख रहे हैं।


जाम के झाम से मिलेगी मुक्ति

चार मंजिला इस मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग में 200 से ज्यादा फोर व्हीलर वाहन आसानी से खड़े हो सकेंगे। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CMVNY) के तहत अस्सी घाट पर इस मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण हो रहा है। जिससे निर्माण का काम पूरा होने के बाद इस इलाके में काफी हद तक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। बताते चलें कि साल 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हाईटेक मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल फोर व्हीलर पार्किंग की आधारशिला रखी थी।

आस-पास की कॉलोनियों में खड़ी होती हैं गाड़ियां

वाराणसी के अस्सी घाट के करीब खाली जमीन पर फिलहाल नगर निगम की ओर से एक वाहन स्टैंड संचालित किया जाता है। लेकिन वीकेंड के दिनों में यह पार्किंग फुल हो जाती है। जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को आस-पास की कॉलोनियों की सड़कों पर गाड़ियां लगानी पड़ती हैं। इस कारण अस्सी और उसके आस-पास के क्षेत्र में भी जाम की स्थिति बनी रहती है। लेकिन जब अगले कुछ महीनों में इस मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण काम पूरा हो जाएगा तो पर्यटक अपने वाहनों को इस जगह सुरक्षित खड़ा कर सकेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारु रूप से चलती रहेगी।

रिपोर्ट- अभिषेक जायसवाल

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।