वाराणसी में ₹250 करोड़ की कचहरी-संदहा फोरलेन सड़क का 95% काम पूरा, 15 मिनट में तय होगी दूरी

वाराणसी में जल्द ही कचहरी से संदहा चौराहे तक सड़कों पर गाड़ियां फर्राटे भरेंगी। कचहरी से संदहा तक 9.5 किलोमीटर की सड़क को 60 फीट तक चौड़ा किया जाना हैं। इसके लिए यहां फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। इस प्रोजेक्ट पर 250 करोड़ रूपये खर्च हो रहें हैं। आइए जानें

अपडेटेड Oct 09, 2026 पर 11:51 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फोरलेन के निर्माण के बाद वाराणसी से बाबतपुर और रिंग रोड तक का सफर और आसान होगा।

वाराणसी में बेहतर कनेक्टविटी और सुगम यातायात के लिए लगातार सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा हैं। इसी के तहत जल्द ही कचहरी से संदहा चौराहे तक सड़कों पर गाड़ियां फर्राटे भरेंगी। इसके लिए यहां फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। इस प्रोजेक्ट पर 250 करोड़ रुपये खर्च हो रहें हैं। इस फोरलेन के निर्माण के बाद वाराणसी से बाबतपुर और रिंग रोड तक का सफर और आसान होगा। इसके साथ ही कचहरी, पुलिस लाईन समेत कई इलाकों में लोगों को जाम की समस्या से भी मुक्ति मिलेंगी।

कचहरी से संदहा तक 9.5 किलोमीटर की सड़क को 60 फीट तक चौड़ा किया जाना हैं। पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता के के सिंह ने बताया की इस फोरलेन सड़क का करीब 95% काम पूरा हो गया है। फिलहाल कचहरी से पुलिस लाईन के बीच सिर्फ कुछ भवन हैं जिनके धस्तीकरण के बाद फोरलेन रोड के निर्माण का काम पूरा किया जाएगा। इस फोरलेन सड़क के दोनों ओर पाथ वे का निर्माण होगा। ध्वस्तीकरण के बाद यहां समतलीकरण का काम होगा फिर सड़क निर्माण शुरू किया जाएगा।

15 मिनट में पूरा होगा सफर

इसके अलावा डिवाइडर समेत स्ट्रीट लाइटिंग का काम भी किया जायेगा। यह स्ट्रीट लाइट भी काशी के थीम पर आधारित होगी। इसके अलावा डिवाइडर के बीच में हरियाली भी होगी। इस फोरलेन सड़क के निर्माण के बाद कचहरी से संदहा तक का सफर सिर्फ 12 से 16 मिनट में पूरा हो पायेगा। इसका फायदा हर रोज इन सड़कों से गुजरने वाले हजारों लोगों को मिलेगा। इसके साथ ही जो लोग रिंग रोड के किनारे रहते हैं वो भी आसानी से शहर तक पहुंच सकेंगे। फिलहाल जाम के कारण 10 किलोमीटर के इस सफर को पूरा करने के लिए करीब 30 से 35 मिनट का समय लगता है।

कई भवनों पर चला है बुलडोजर

कचहरी-संदहा फोरलेन सड़क के लिए लगातार बुलडोर की कार्रवाई जारी है। बीते दो दिनों पहले कचहरी से पुलिस लाईन मार्ग पर नगर निगम और पीडब्लूडी की टीम ने चौड़ीकरण की जद में आ रहे 10 भवनों का ध्वस्तीकरण भी किया था। बुलडोजर एक्शन से इन भवनों को तोड़ा गया है। इसके पहले भी कई बार इस मार्ग पर बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से पहले भवन स्वामियों को नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बाद मुनादी भी हुई थी, फिर इन भवनों पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई।


वाराणसी से अभिषेक जायसवाल की रिपोर्ट

दिल्ली के पीतमपुरा में ₹99 करोड़ से बनेगा हाईटेक स्पोर्ट्स कैंपस, स्विमिंग से लेकर जिम्नास्टिक तक जानिए क्या होंगी सुविधाएं

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।