VD Satheesan Net Worth: कांग्रेस की केरल इकाई के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस आलाकमान ने गुरुवार (14 मई) को पार्टी के शीर्ष और प्रदेश इकाई के नेताओं के साथ लंबी मंत्रणा के बाद सतीशन के नाम पर मुहर लगाई। सतीशन केरल की पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। सतीशन के अलावा कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। बीते सात मई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी आलाकमान को विधायक दल के नेता के चयन के लिए अधिकृत किया गया था।
केरल में हाल में समाप्त हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) ने राज्य की कुल 140 सीट में से 102 पर जीत दर्ज की थी। सतीशन केरल की पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। केरल विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले सतीशन ने चुनाव से ठीक पहले वादा किया था कि अगर कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा निर्णायक जीत हासिल नहीं करता, तो वह 'राजनीतिक वनवास' ले लेंगे।
चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने गठबंधन की संभावनाओं को लेकर दृढ़ भरोसा जताया था। संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा जीत गया। अब यह वादा सतीशन के उस भरोसे का संकेत ज्यादा लगता है कि परिस्थितियां पहले ही उनके पक्ष में बदल चुकी थीं। केरल में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए इस जीत की जड़ें 2021 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद के कठिन दौर से जुड़ी हैं।
कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने सतीशन को विपक्ष का नेता बनाया था। तब जो फैसला जोखिम भरा और अनिश्चितता वाला लग रहा था। अब पार्टी के भीतर उसे एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है। सतीशन के जमीनी स्तर के काम और स्थानीय मुद्दों पर लगातार ध्यान देने से संगठन और मतदाताओं का भरोसा फिर से मजबूत हुआ।
2026 के केरल विधानसभा चुनावों से पहले अपने चुनावी हलफनामे में सतीशन ने 6 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेट वर्थ घोषित की थी। इसमें चल और अचल संपत्ति दोनों शामिल हैं। उनके हलफनामे के अनुसार, सतीशन और उनकी पत्नी लक्ष्मीप्रिया दोनों के पास मिलाकर लगभग 6.69 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है।
सतीशन ने 53.82 लाख रुपये की चल संपत्ति घोषित की थी। जबकि उनकी पत्नी की चल संपत्ति की कीमत 68.45 लाख रुपये है। कपल की संपत्ति में कैश, बैंक डिपॉजिट, सोना और शेयर शामिल हैं। कांग्रेस नेता ने बताया कि उनके पास 64,000 रुपये कैश है। साथ ही 25,000 रुपये के बैंक शेयर और 35 ग्राम सोना है। हलफनामे के अनुसार, उनकी पत्नी के पास 1,128 ग्राम सोना है।
सतीशन की अचल संपत्ति में जमीन और रिहायशी प्रॉपर्टी शामिल है। इनकी कीमत 2.42 करोड़ रुपये है। इसमें परावूर और नेटूर में विरासत में मिली और खुद खरीदी गई संपत्तियां शामिल हैं। उनकी पत्नी को लगभग 1.85 करोड़ रुपये की जमीन विरासत में मिली है। हलफनामे में यह भी बताया गया है कि परिवार के पास उनकी बेटी के नाम पर 9.61 लाख रुपये की एक कार है।
वहीं, देनदारियों की बात करें तो सतीशन ने लगभग 24 लाख रुपये के कर्ज और देनदारियां घोषित की हैं। इसमें घर और गाड़ी के कर्ज शामिल हैं। उनकी पत्नी पर 17.45 लाख रुपये की देनदारियां हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने 140 विधानसभा सीटों में से 102 सीटों पर जबरदस्त जीत हासिल की। एक दशक बाद कांग्रेस की ऐतिहासिक वापसी है। दूसरी ओर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) को सिर्फ 35 सीटें मिलीं।