वाइस एडमिरल अजय कोचर ने 48वें नौसेना उप प्रमुख के रूप में संभाला पदभार, समुद्री रणनीति में है लंबा अनुभव

Vice Admiral Ajay Kochhar: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नौसैनिक तैयारियों की रणनीति संभालने वाले वाइस एडमिरल अजय कोचर ने शुक्रवार को नौसेना के 48वें उप प्रमुख (VCNS) के रूप में कार्यभार संभाला। इसकी जानकारी रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने दी।

अपडेटेड May 30, 2026 पर 12:33 PM
Story continues below Advertisement
वाइस एडमिरल अजय कोचर ने 48वें नौसेना उप प्रमुख के रूप में संभाला पदभार

Vice Admiral Ajay Kochhar: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नौसैनिक तैयारियों की रणनीति संभालने वाले वाइस एडमिरल अजय कोचर ने शुक्रवार को नौसेना के 48वें उप प्रमुख (VCNS) के रूप में कार्यभार संभाला।  रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने अपने बयान में कहा कि कार्यभार ग्रहण करने पर, फ्लैग ऑफिसर ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि वाइस एडमिरल अजय कोचर के पास समुद्री सुरक्षा, युद्ध रणनीति और बड़े स्तर पर नौसैनिक अभियानों का लंबा अनुभव है। इसी अनुभव के आधार पर उन्हें नौसेना के दूसरे सबसे अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे अंडमान और निकोबार कमांड के कमांडर-इन-चीफ रह चुके हैं।

यह भारत की एकमात्र त्रि-सेवा (थल, जल और वायु सेना) संयुक्त कमान है, जो देश के रणनीतिक समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा में बेहद अहम भूमिका निभाती है।


उन्होंने पश्चिमी नौसेना कमान में चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में भी काम किया है। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के समय समुद्री मोर्चे पर महत्वपूर्ण तैनाती और रणनीतिक संचालन का नेतृत्व किया, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता और अनुभव और भी मजबूत माने जाते हैं।

वाइस एडमिरल संजय वत्सयान की जगह लेंगे अजय कोचर

वाइस एडमिरल अजय कोचर, वाइस एडमिरल संजय वत्सयान का स्थान लेंगे, जिन्हें पश्चिमी नौसेना कमान का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है।

पुणे स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र, वाइस एडमिरल अजय कोचर 1 जुलाई, 1988 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त हुए थे। वे गनरी और मिसाइल सिस्टम के विशेषज्ञ हैं। अपने 37 वर्षों से अधिक लंबे और शानदार नौसेना करियर में उन्होंने कई कमांड, ऑपरेशनल और स्टाफ पदों पर काम किया है।

उन्होंने भारतीय नौसेना के जहाज INS नाशक, INS विभूति और INS कृपाण की कमान संभाली है। इसके अलावा वे फ्रिगेट INS त्रिकंड के पहले कमांडिंग ऑफिसर भी रहे हैं, जब इसे नौसेना में शामिल किया गया था।

INS विक्रमादित्य की भी कमान संभाल चुके हैं अजय

वाइस एडमिरल अजय कोचर ने विमानवाहक पोत INS विक्रमादित्य की भी कमान संभाली है। उनके कार्यकाल के दौरान इस युद्धपोत में तैनात एयर विंग का सफलतापूर्वक एकीकरण (integration) किया गया और उसे पूरी तरह से ऑपरेशनल बनाया गया।

इसके अलावा, वाइस एडमिरल ने वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कालेज, गोवा स्थित नेवल वार कालेज और ब्रिटेन स्थित रायल कालेज आफ डिफेंस स्टडीज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है और नौसेना मुख्यालय में प्रमुख रणनीतिक और नीति-उन्मुख स्टाफ भूमिकाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया संकट के बीच होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही कैसे कर रहा है भारत? जानें पूरी रणनीति

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।