Delhi Viral Video News: दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया और एफआईआर दर्ज की। यह कार्रवाई उत्तरी दिल्ली की एक व्यस्त सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे युवक खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहा है।
बता दें कि यह घटना रविवार को सामने आई, जब काले रंग की Scorpio-N SUV (नंबर DL-3CDD-5516) को NH-44 करनाल बाइपास रोड से नरेला की ओर खतरनाक तरीके से टेढ़ी-मेढ़ी चलती हुई देखी गई। वाहन की खिड़कियों पर टिंटेड ग्लास लगे थे और उस पर " Dawood" लिखा हुआ था, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
जन सुरक्षा के संभावित खतरे को भांपते हुए, आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। चालक की पहचान दाऊद अंसारी के रूप में हुई, जो ओखला के जाबीर नगर का निवासी है। पुलिस वेरिफिकेशन से पता चला कि वाहन उसके पिता के नाम पर पंजीकृत था।
वायरल फुटेज की समीक्षा और साक्ष्य जुटाने के बाद मंगलवार को समाईपुर बादली पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 281 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने से संबंधित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 18 जनवरी को दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच जीटीके करनाल बाईपास रोड पर हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि त्वरित कार्रवाई सड़क सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है और चेतावनी दी कि सार्वजनिक जीवन को खतरे में डालने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करने का आग्रह किया गया है।