Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम से लौटे 15 भारतीयों के शव, मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुआ विशेष विमान

Vietnam Boat Tragedy : हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि घायल भारतीय नागरिक का रविवार शाम सफलतापूर्वक एक जरूरी चिकित्सीय उपचार किया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हो ची मिन्ह सिटी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूतावास ने यह भी बताया कि घायल के परिवार के सदस्य भी हो ची मिन्ह सिटी पहुंच चुके हैं

अपडेटेड Jul 13, 2026 पर 11:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
15 भारतीय नागरिकों के शव लेकर एक विशेष विमान सोमवार को मुंबई पहुंच गया।

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास 11 जुलाई को हुई दर्दनाक बोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के शव लेकर एक विशेष विमान सोमवार को मुंबई पहुंच गया। हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि विशेष विमान मृतकों के शव लेकर सुरक्षित मुंबई पहुंच चुका है। दूतावास ने यह भी कहा कि हनोई में भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि सभी शव जल्द से जल्द उनके परिजनों तक पहुंचाए जा सकें।

वियतनाम से लौटे 15 भारतीयों के शव

भारतीय दूतावास ने शोक जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में उसकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। भारतीय मिशन ने बताया कि मृतकों के गृह राज्यों की सरकारें उनके परिवारों के साथ मिलकर मुंबई हवाई अड्डे से शवों को उनके-अपने शहरों और गांवों तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगी। इस हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों में 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरल के रहने वाले थे।


मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुआ विशेष विमान

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस कठिन समय में वियतनाम के लोगों की ओर से मिली संवेदनाओं और प्रार्थनाओं के लिए वह आभारी है। दूतावास ने कहा कि लोगों का सहयोग, प्रार्थनाएं और समर्थन इस दुख की घड़ी में परिवारों और अधिकारियों के लिए बड़ी ताकत बना। इसके साथ ही भारतीय मिशन ने वियतनाम के सभी संबंधित सरकारी अधिकारियों और एजेंसियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने राहत और अन्य जरूरी कार्यों में हर संभव मदद की।

11 जुलाई को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास होन मे रुट न्गोई इलाके में एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ। यहां 32 भारतीय पर्यटकों और चार स्थानीय चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट अचानक पलट गई। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि बाकी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बचाए गए 16 भारतीय पर्यटकों में से कुछ स्वदेश लौट चुके हैं। वहीं, एक घायल भारतीय का अभी भी वियतनाम के फु क्वोक में इलाज चल रहा है।

हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि घायल भारतीय नागरिक का रविवार शाम सफलतापूर्वक एक जरूरी चिकित्सीय उपचार किया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हो ची मिन्ह सिटी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूतावास ने यह भी बताया कि घायल के परिवार के सदस्य भी हो ची मिन्ह सिटी पहुंच चुके हैं।

नाव हादसे में घायल एक भारतीय की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, 49 वर्षीय इस व्यक्ति के फेफड़ों को पानी में डूबने की वजह से गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा उन्हें गहरा सदमा लगा है, शरीर पर कई चोटें हैं और मस्तिष्क में भी रक्तस्राव (ब्रेन ब्लीडिंग) हुआ है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है और यह अपने सफेद रेतीले समुद्र तटों, खूबसूरत कोरल रीफ और आइलैंड टूर के लिए दुनिया भर के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है।

लावा कंपनी ने किया मुआवजे का ऐलान

घरेलू मोबाइल कंपनी लावा इंटरनेशनल ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। कंपनी ने कहा है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। गौरतलब है कि शनिवार को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास नाव पलटने से लावा इंटरनेशनल के 14 सहयोगियों और एक कर्मचारी की मौत हो गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।