Putin India Visit: भारत दौरे पर आए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का शुक्रवार (5 दिसंबर) सुबह दिल्ली स्थित 'राष्ट्रपति भवन' में औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान व्लादिमीर पुतिन को राष्ट्रपति भवन में 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने उनका आधिकारिक स्वागत किया।
यहां से पुतिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राजघाट रवाना हो गए। पुतिन ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन की बैठक 'हैदराबाद हाउस' में होगी। इस बैठक पर भारत समेत पूरी दुनिया की नजर है।
पीएम मोदी और पुतिन भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के एक व्यापारिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। शुक्रवार शाम को पुतिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उनके सम्मान में आयोजित राजकीय भोज में शामिल होंगे। इसके बाद रूसी नेता के शुक्रवार रात लगभग 9 बजे भारत से रवाना होने की संभावना है।
क्यों अहम है पुतिन का भारत दौरा?
पुतिन का यह दौरा करीब आठ दशक पुरानी भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत करने वाला है। भारत इस दौरे को कितनी अहमियत दे रहा है। यह इस बात से पता चलता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद पालम एयरपोर्ट पर गले लगाकर पुतिन का स्वागत किया। चार साल के अंतराल के बाद भारत आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
दोनों नेता एयरपोर्ट से पीएम मोदी की कार में निकले और प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पहुंचे। करीब तीन महीने पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के बाद चीन के शहर तियानजिन में उन्होंने एक ही कार में साथ यात्रा की थी।
पीएम मोदी ने पुतिन को बताया 'दोस्त'
PM मोदी ने पुतिन से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। आज शाम और कल उनके साथ होने वाली बातचीत को लेकर आशान्वित हूं। भारत-रूस मित्रता समय की कसौटी पर खरी उतरी है जिससे दोनों देशों के लोगों को बहुत लाभ हुआ है।"
पीएम मोदी ने गुरुवार शाम को रूसी राष्ट्रपति के लिए एक प्राइवेट डिनर का आयोजन किया। पिछले साल जुलाई में पुतिन ने भी प्रधानमंत्री की मॉस्को यात्रा के दौरान उनका इसी तरह का वेलकम किया था। इस अवसर पर पीएम मोदी के आधिकारिक आवास को रोशनी से जगमग किया गया था। साथ ही फूलों से सजाया गया था।
रात्रिभोज के दौरान दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत से शुक्रवार को होने वाली 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता के लिए माहौल तैयार होने की उम्मीद है। इसमें दोनों मित्र देशों के संबंधों को और व्यापक बनाने के लिए कई ठोस परिणाम सामने आने की उम्मीद है। रूसी नेता का नई दिल्ली का यह दौरा इसलिए और भी अहम हो गया है, क्योंकि यह भारत-अमेरिका संबंधों में तेजी से आ रही गिरावट की पृष्ठभूमि में हो रहा है। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापार के क्षेत्रों सहित कई समझौते होने की उम्मीद है।