प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC सरकार पर कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ी चिंता बन चुकी है। प्रधानमंत्री ने लोगों से आने वाले चुनावों में बीजेपी को वोट देने की अपील की, ताकि संदेशखाली जैसी घटनाओं को रोका जा सके और आरजी कर रेप व एक डॉक्टर की हत्या जैसे मामलों पर लगाम लगाई जा सके।
सिंगुर में पीएम मोदी की रैली
रविवार को बंगाल के सिंगुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार के दौर में कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था दोनों ही खराब हो गई हैं। उन्होंने कहा, “टीएमसी के शासन में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और शिक्षा व्यवस्था माफिया व भ्रष्ट लोगों के कब्जे में चली गई है।” प्रधानमंत्री के मुताबिक, बंगाल को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए सरकार में बदलाव जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी को वोट देना ज़रूरी है। उन्होंने कहा, “बीजेपी को दिया गया आपका एक वोट यह सुनिश्चित करेगा कि कॉलेजों में रेप और हिंसा की घटनाओं पर रोक लगे, संदेशखाली जैसी घटनाएं दोबारा न हों और बंगाल में हज़ारों शिक्षकों की नौकरियां सुरक्षित रहें।”
संदेशखली हिंसा का भी उठया मुद्दा
प्रधानमंत्री ने यह बात पश्चिम बंगाल के लोगों से सीधे अपील करते हुए कही। गौरतलब है कि फरवरी 2024 में पश्चिम बंगाल के संदेशखली से संगठित यौन शोषण और जमीन हड़पने के गंभीर आरोप सामने आए थे। स्थानीय महिलाओं ने टीएमसी के कुछ नेताओं पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। इस मामले में स्थानीय जिला परिषद के सदस्य शेख शाहजहां को मुख्य आरोपी बताया गया था। बाद में, कथित राशन घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा छापेमारी की कोशिश के बाद वह फरार हो गया था।
कोलकाता रेप केस पर भी गंभीर सवाल
इस बीच, आरजी कर रेप और हत्या का मामला भी सामने आया था, जिसमें 31 साल की एक ट्रेनी डॉक्टर पीड़िता थी। यह घटना अगस्त 2024 में हुई और इसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इसके बाद देशभर में डॉक्टरों और आम लोगों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए और पीड़िता के लिए न्याय की मांग की। इस मामले ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार पर हमला तेज करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राज्य में टीएमसी का “जंगल राज” खत्म होना चाहिए और बीजेपी का सुशासन आना ज़रूरी है। प्रधानमंत्री ने समाज सुधारक ईश्वर तंद विद्यासागर का ज़िक्र करते हुए कहा कि हमें उनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यासागर ने महिलाओं और युवाओं की ताकत को समाज में बदलाव का ज़रिया बनाया था। अब समय आ गया है कि बंगाल की बहनें, बेटियां और युवा अपनी आवाज़ बुलंद करें और बदलाव की अगुवाई करें।