Delhi-NCR में कल का मौसम 12 जून: दिल्ली से नोएडा, गाजियाबाद तक 'येलो अलर्ट' जारी, IMD ने आंधी और बारिश के लिए ये अपडेट दिया
Delhi-NCR Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 जून के लिए दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 12 जून पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और दो अलग-अलग चरणों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है
MoneyControl News
अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 5:05 PM
Delhi-NCR Weather Update: 12 जून पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है
Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) के निवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 जून के लिए दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 12 जून पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और दो अलग-अलग चरणों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस आंधी-पानी के चलते दिल्ली-एनसीआर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में अंधड़ का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद तीनों ही जगहों पर मौसम का एक जैसा मिजाज देखने को मिलेगा। पूरे दिन सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मौसम को लेकर निम्नलिखित समय-सारणी जारी की गई है:-
सुबह और दोपहर से पहले: दिन के पहले हिस्से में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ हल्की या बहुत हल्की बारिश का पहला दौर आएगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
दोपहर बाद और शाम: दिन के दूसरे हिस्से में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। एनसीआर में हल्की बारिश का दूसरा दौर शुरू होगा। इसमें फिर से गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटा की गति से आंधी चलने और झोंकों में इसकी रफ्तार 60 किमी/घंटा तक जाने का पूर्वानुमान है।
तापमान में गिरावट, सामान्य से बहुत कम रहेगा पारा
पिछले दिनों 42 से 44 डिग्री सेल्सियस की झुलसाने वाली गर्मी झेलने के बाद कल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एसी-कूलर से भी राहत मिल सकती है। 12 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34°C से 36°C के बीच रहने की संभावना है। यह तापमान सामान्य से काफी कम होगा और कुछ हिस्सों में यह बेहद कम दर्ज किया जा सकता है। रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान गिरकर 23°C से 25°C के बीच आ जाएगा, जो सामान्य के मुकाबले बहुत कम है।
हवाओं की दिशा और रफ्तार
12 जून को सुबह के वक्त हवा मुख्य रूप से पूर्व दिशा से चलेगी। इसकी रफ्तार 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। दोपहर के समय हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पूर्व हो जाएगी और इसकी गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी। वहीं शाम और रात के समय पूर्व दिशा से आने वाली हवाओं की रफ्तार बढ़कर 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।
13 और 14 जून को कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?
13 जून (शनिवार): शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन भी 40 से 50 किमी/घंटा (झोंकों में 60 किमी/घंटा) की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 35°C से 37°C और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहेगा।
12 जून का दिल्ली का वेदर वॉर्निंग मैप यहां देखिए
14 जून (रविवार): रविवार से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल दिखेंगे और दोपहर या शाम को केवल गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। इस दिन तापमान फिर से बढ़ने लगेगा और अधिकतम तापमान 37°C से 39°C तथा न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच दर्ज किया जा सकता है।
आंधी-तूफान को लेकर मौसम विभाग की सख्त एडवाइजरी
60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और धूलभरी आंधी के कारण होने वाले नुकसान को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। तेज आंधी की वजह से पेड़ों की शाखाएं टूट सकती हैं, कमजोर या पुराने पेड़ उखड़ सकते हैं। इसके अलावा बिजली और संचार लाइनों को नुकसान पहुंच सकता है, खड़ी फसलों को क्षति हो सकती है और छतों या कमजोर ढांचों को आंशिक नुकसान हो सकता है। खुले में रखी हल्की चीजें हवा में उड़ सकती हैं।
लोगों के लिए काम के सुझाव
मौसम के अपडेट पर लगातार नजर रखें और बहुत जरूरी न हो तो घरों से बाहर निकलने और यात्रा करने से बचें। अपने घरों की खिड़कियों और दरवाजों को मजबूती से बंद रखें। खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों या पक्के मकानों में शरण लें, खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे बिल्कुल न खड़े हों। बिजली कड़कने के दौरान कंक्रीट के फर्श पर न लेटें और कंक्रीट की दीवारों का सहारा न लें। घरों के कीमती इलेक्ट्रॉनिक और बिजली के उपकरणों को अनप्लग (प्लग से बाहर) कर दें। अगर आप किसी स्विमिंग पूल या पानी के स्रोत के पास हैं तो तुरंत वहां से बाहर निकल जाएं।