Weather Update India: इंडियन मेट्रोलॉजी डिपार्टमेंट (IMD) ने अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के कई इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस वीकेंड राज्य के कई हिस्सों में तापमान में काफी बढ़ोतरी होने की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र में 16 से 18 अप्रैल के बीच, मराठवाड़ा में 16 से 18 अप्रैल के बीच, विदर्भ में 16 से 19 अप्रैल के बीच और कोंकण में 16 से 17 अप्रैल के बीच कुछ जगहों पर भीषण गर्मी और उमस भरा मौसम रहने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे लू की स्थिति के दौरान सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें और जरूरी सावधानियां बरतें। इससे पहले बुधवार को IMD के सुबह के बुलेटिन में देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान लगाया गया था। इसमें देश के कई हिस्सों के लिए गर्मी और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की गई थी।
फोरकास्ट में कहा गया था कि 15 से 20 अप्रैल के बीच तेलंगाना, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिमी राजस्थान और झारखंड के कुछ इलाकों में लू चलने की बहुत अधिक आशंका है। इन इलाकों में लू का असर अलग-अलग समय पर अपने चरम पर होगा।
अकोला में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस
महाराष्ट्र के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। विदर्भ क्षेत्र के अकोला शहर में बुधवार 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अकोला के अलावा, राज्य के तीन अन्य शहर अमरावती (44 डिग्री), वर्धा (43.9 डिग्री) और नागपुर (43.4 डिग्री) भी देश के सर्वाधिक गर्म स्थानों की लिस्ट में शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि पारा और बढ़ने के आसार हैं। विदर्भ के अधिकतर जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी। आईएमडी के अनुसार, आंध्र प्रदेश का अनंतपुर भी 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ चौथे स्थान पर रहा। इसके बाद महाराष्ट्र के सोलापुर (43.3 डिग्री), मालेगांव (43.2 डिग्री) और बीड़ (43.1 डिग्री) का स्थान रहा।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD नागपुर के वैज्ञानिक डॉ प्रवीण कुमार ने पीटीआई को बताया कि अकोला पिछले दो-तीन दिनों से देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगले पांच दिनों में विदर्भ के अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, यवतमाल, वाशिम, बुलढाणा, चंद्रपुर और भंडारा जिलों में लू की स्थिति गंभीर हो सकती है। हालांकि, 21 अप्रैल से तापमान में गिरावट की संभावना है।
भीषण गर्मी को देखते हुए वर्धा जिला प्रशासन ने गुरुवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। पश्चिमी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गर्मी का कहर जारी रहा। सांगली में 41.8 डिग्री, बारामती में 40.2, परभणी में 42, जलगांव में 42.3, अहिल्यानगर में 41.9, धाराशिव में 41 और सतारा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
तटीय जिलों में तापमान 40 डिग्री से कम होने के बावजूद उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मुंबई के सांताक्रूज में 34.5 और कोलाबा में 34.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। IMD ने मुंबई, ठाणे और कोंकण क्षेत्र के लिए 'येलो अलर्ट' (उमस भरी गर्मी) जारी किया है। वहीं, विदर्भ और मराठवाड़ा के कई जिलों के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।