वीकली मौसम अपडेट: 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी से गुजरात तक मूसलाधार, IMD ने बताया अगले 7 दिनों के मौसम का हाल

पश्चिम भारत के राज्यों में अगस्त के शुरुआती दिनों में मानसून की स्थिति काफी आक्रामक रहेगी। 1 अगस्त को गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। 1 से 2 अगस्त के दौरान भी क्षेत्र में भारी बारिश बनी रहेगी

अपडेटेड Aug 01, 2026 पर 2:46 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दक्षिण-पश्चिम मानसून इस समय देशभर में सक्रिय है। इस वजह से कई इलाकों में धुआंधार बारिश हो रही है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून इस समय देशभर में सक्रिय है। इस वजह से कई इलाकों में धुआंधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश के आसपास एक डिप्रेशन सिस्टम सक्रिय है, जो पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे पश्चिमी, मध्य और उत्तरी भारत में भारी बारिश की संभावना बढ़ गई है। कई इलाकों में जलभराव, फ्लैश फ्लड और यातायात बाधाओं का खतरा है। इस बीच मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 अगस्त को जारी अपने वीकली वेदर बुलेटिन में अगले 7 दिनों के लिए देश के अलग अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और तूफानी हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 1 अगस्त को गुजरात, केरल व माहे, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद इन इलाकों में बारिश की तीव्रता में कमी आएगी। उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिम भारत में पूरे सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

पश्चिम भारत: गुजरात में आज अत्यधिक भारी बारिश, महाराष्ट्र में भी अलर्ट


पश्चिम भारत के राज्यों में अगस्त के शुरुआती दिनों में मानसून की स्थिति काफी आक्रामक रहेगी। 1 अगस्त को गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। 1 से 2 अगस्त के दौरान भी क्षेत्र में भारी बारिश बनी रहेगी। कोंकण व गोवा में 1 से 7 अगस्त तक व्यापक बारिश होगी, जिसमें 1 से 3 अगस्त के बीच भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मध्य महाराष्ट्र में 1 अगस्त को बहुत भारी बारिश और 2-3 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है। सौराष्ट्र और कच्छ में 1 से 3 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत: यूपी, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 1 से 7 अगस्त के बीच भारी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 से 7 अगस्त और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 3 से 7 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 2 से 6 अगस्त के बीच भारी बारिश दर्ज हो सकती है। पूर्वी और पश्चिम राजस्थान में 1 और 2 अगस्त को पृथक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 1-2 अगस्त के दौरान आंधी, बिजली और 30-40 किमी/घंटे (झोंके 50 किमी/घंटे) की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली और पंजाब में 3 से 7 अगस्त के बीच व्यापक बारिश होगी, जिनमें 2 से 4 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 1 से 7 अगस्त तक व्यापक बारिश होगी। इन राज्यों में 1 से 7 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और 30-40 किमी/घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

मध्य भारत: मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधि

पश्चिम मध्य प्रदेश में 1 अगस्त को भारी बारिश और व्यापक वर्षा होगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में 4 से 7 अगस्त के बीच व्यापक बारिश और भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। छत्तीसगढ़ में 3 से 7 अगस्त तक व्यापक बारिश और भारी वर्षा दर्ज हो सकती है। विदर्भ में 1 अगस्त और फिर 5-6 अगस्त के दौरान व्यापक वर्षा होगी, जबकि 2 से 5 अगस्त के दौरान बिजली कड़कने की संभावना है।

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत: असम से बिहार तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में पूरे हफ्ते मूसलाधार बारिश का दौर बना रहेगा। असम व मेघालय में 1 और 4 अगस्त को, और अरुणाचल प्रदेश में भी 1 व 4 अगस्त को बहुत भारी बारिश (Very Heavy Rainfall) की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 1 से 4 अगस्त के दौरान बहुत भारी बारिश और 5 से 7 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 1 से 5 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना है। बिहार में 2 से 5 अगस्त, ओडिशा में 2 से 7 अगस्त, और झारखंड में 5 अगस्त को भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में 1 से 7 अगस्त तक 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश होगी।

दक्षिण भारत: कर्नाटक और केरल में आज अत्यंत भारी बारिश, थंडरस्क्वॉल की चेतावनी

दक्षिण भारतीय प्रायद्वीप में 1 अगस्त को मानसून का सबसे रौद्र रूप देखने को मिलेगा। 1 अगस्त को केरल व माहे, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार से अत्यधिक भारी बारिश होगी। 2 अगस्त को इन क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 1 से 2 अगस्त के दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी आंधी चलने की संभावना है, जिसके झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

तटीय कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में 1 से 5 अगस्त के दौरान तेज सतही हवाएं और गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराकल में 1 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।