West Bengal polls: पश्चिम बंगाल में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नंदीग्राम सीट से लड़ना पसंद करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (BJP) कहेगी तो वह भबानीपुर सहित अन्य निर्वाचन क्षेत्रों से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उम्मीदवारी पर फैसला पार्टी करेगी। लेकिन उन्होंने नंदीग्राम को अपनी पहली पसंद बताया। पांच राज्यों की सत्ता की दौड़ में बीजेपी के लिए चुनौती बड़ी है। लेकिन असली कसौटी पश्चिम बंगाल में है जहां पार्टी ममता बनर्जी की मजबूत तृणमूल मशीनरी से भिड़ने के लिए तैयार है।
सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, "BJP में कोई व्यक्तिगत निर्णय नहीं होते। यह 'पिशी-भाईपो' (बुआ-भतीजे) पार्टी नहीं है।" उन्होंने कहा, "BJP में फैसले सामूहिक रूप से लिए जाते हैं। अगर पार्टी मुझे उम्मीदवार नहीं बनाती है, तो भी ठीक है; अगर वह मुझे चुनाव लड़ने के लिए कहती है, तो भी ठीक है।"
हालांकि, जब उनसे उनकी व्यक्तिगत पसंद के बारे में पूछा गया, तो सुवेंदु ने कहा कि वह नंदीग्राम से फिर से चुनाव लड़ना चाहेंगे, जहां उन्होंने 2021 में मुख्यमंत्री को हराया था। उन्होंने कहा, "अगर आप मुझसे पूछेंगे तो मैं नंदीग्राम से चुनाव लड़ूंगा। लेकिन अगर बीजेपी नेतृत्व मुझे कुछ और करने को कहेगा तो मैं उसका भी पालन करूंगा। नंदीग्राम मेरा राजनीतिक आधार और भावनात्मक पूंजी है।"
मुख्यमंत्री के प्रतिनिधित्व वाले निर्वाचन क्षेत्र भबानीपुर से चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर सुवेंदु ने दोहराया कि वह पार्टी के फैसले का पालन करेंगे। अधिकारी ने आगामी विधानसभा चुनाव में दो सीटों से चुनाव लड़ने को लेकर कहा कि मैं बीजेपी का एक कार्यकर्ता हूं। पार्टी जो भी फैसला करेगी, उसे स्वीकार करूंगा। इन दो सीटों में एक सीट पूर्व मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट हो सकती है, जहां से सुवेंदु अधिकारी दो बार विधायक रह चुके हैं।
वह 2016 से 2021 तक तृणमूल कांग्रेस से और 2021 से अब तक बीजेपी से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। दूसरी संभावित सीट कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट बताई जा रही है, जहां से फिलहाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विधायक हैं। इस बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने न तो इस संभावना से इनकार किया और न ही इसकी पुष्टि की।
ममता बनर्जी को दे चुके हैं मात
2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से चुनाव जीतकर तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार और मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने उपचुनाव में भवानीपुर सीट से जीत हासिल की और तीसरी बार मुख्यमंत्री बनीं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार भवानीपुर सीट ममता बनर्जी के लिए पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
28 फरवरी को जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार इस क्षेत्र में 47,111 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जबकि 14,154 मतदाताओं के मामले फिलहाल न्यायिक प्रक्रिया में हैं। ऐसे में अगर सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर से भी चुनाव लड़ते हैं, तो यह BJP की एक रणनीतिक चाल हो सकती है।
इससे चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी को भवानीपुर में ज्यादा समय देना पड़ सकता है। निर्वाचन आयोग (ECI) ने रविवार (15 मार्च) को घोषणा की थी कि बंगाल की 294 विधानसभा सीट के लिए चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। जबकि मतगणना चार मई को होगी।