Get App

Free Bus Scheme In West Bengal: पश्चिम बंगाल में आज से महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा शुरू, मुफ्त सफर के लिए ये 12 दस्तावेज अनिवार्य

Free Bus Scheme In West Bengal: पश्चिम बंगाल में आज (1 जून) से सभी रूट्स पर सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। इससे महिला यात्रियों में खुशी देखी गई। फ्री यात्रा करने के लिए महिला यात्रियों को मुफ्त टिकट लेने से पहले 12 डॉक्यूमेंट्स में से कोई भी एक दस्तावेज दिखाना अनिवार्य होगा

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Jun 01, 2026 पर 6:07 PM
Free Bus Scheme In West Bengal: पश्चिम बंगाल में आज से महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा शुरू, मुफ्त सफर के लिए ये 12 दस्तावेज अनिवार्य
Free Bus Scheme In West Bengal: पश्चिम बंगाल में आज यानी 1 जून से महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू हो चुकी है

Free Bus Scheme In West Bengal: पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार (1 जून) को सभी रूट्स पर सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत कर दी। इससे महिला यात्रियों में खुशी देखी गई। सुबह के व्यस्त समय में काम पर जाने वाली महिलाओं ने सरकारी बसों के फेरे बढ़ाने की मांग की। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत की है।

बालीगंज स्टेशन से मध्य कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित अपनी कंपनी के लिए बस में चढ़ने के दौरान माला बिस्वास नामक महिला यात्री ने कहा, "मैं खुश हूं, लेकिन सरकारी बसों के फेरे बढ़ाने की जरूरत है।" उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से सरकारी बसों की संख्या में भारी कमी आई है।

दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट से आईटी हब सॉल्ट लेक सेक्टर पांच जा रही सरकारी AC बस में सफर कर रही सुमाना सिंह ने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में कई सरकारी बस रूट बंद हो गए हैं जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।"

अपनी दो बेटियों के साथ सिलीगुड़ी से कूच बिहार के लिए उत्तर बंगाल राज्य परिवहन कंपनी की बस से यात्रा कर रहीं मनीषा बर्मन ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि इस योजना के कारण उनके पैतृक गांव तक की लगभग 170 किलोमीटर की यात्रा आसान हो जाएगी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें