CP Radhakrishnan: सीपी राधाकृष्णन कौन है? तमिलनाडु, महाराष्ट्र और झारखंड से है खास कनेक्शन, अब बन सकते हैं उपराष्ट्रपति

Who is CP Radhakrishnan: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उपराष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। नड्डा ने रविवार (17 अगस्त) को बताया कि NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन होंगे। वह वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं

अपडेटेड Aug 17, 2025 पर 9:41 PM
Story continues below Advertisement
CP Radhakrishnan: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए NDA के उम्मीदवार होंगे

Who is CP Radhakrishnan: भारतीय जनता पार्टी (BJP) संसदीय बोर्ड ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से उपराष्ट्रपति पद के रूप में उम्मीदवार घोषित किया है। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार (17 अगस्त) को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई संसदीय दल बैठक में व्यापक विचार-विमर्श के बाद राधाकृष्णन के नाम पर फैसला किया गया।

जेपी नड्डा ने उम्मीद जताई कि विपक्षी दल NDA उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। पिछले महीने जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होगा। इसके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 22 अगस्त है।

NDA को उपराष्ट्रपति चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल है। इसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। मुकाबले की स्थिति में सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार की जीत तय है। जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने के कारण यह चुनाव कराना पड़ रहा है।


BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "हमने एनडीए में शामिल सभी दलों के साथ चर्चा की और उनसे सुझाव भी मांगे गए। इसके बाद सभी ने एनडीए के प्रत्याशी के रूप में सीपी राधाकृष्णन के नाम को मंजूरी दी।"

कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?

- सीपी राधाकृष्णन वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। वह तमिलनाडु के रहने वाले हैं। उनका पूरा नाम चंद्रपुर पोन्नुसामी राधाकृष्णन (Chandrapuram Ponnusamy Radhakrishnan) है। उनको 31 जुलाई 2024 को महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया गया था। इससे पहले उन्होंने करीब डेढ़ साल तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में काम किया। इसके अलावा वे तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल चुके हैं।

- 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे सीपी राधाकृष्णन ने 1974 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। फिर वह 1974 में ही भारतीय जनसंघ के राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य बने। 1996 में वह बीजेपी तमिलनाडु के सचिव नियुक्त हुए।

- इसके बाद वह साल 1998 और 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। इसके अलावा, 2004 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में एक चर्चित भाषण दिया और ताइवान की पहली संसदीय यात्रा में भी शामिल हुए थे।

- झारखंड के राज्यपाल बनने से पहले वह 2004 से 2007 तक भारतीय जनता पार्टी तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह 2020 से 2022 तक बीजेपी केरल के अखिल भारतीय प्रभारी रहे। वह 18 फरवरी 2023 को झारखंड के राज्यपाल नियुक्त किए गए थे।

- महाराष्ट्र राजभवन की वेबसाइट के अनुसार, महाराष्ट्र के राज्यपाल बनने से पहले उन्होंने लगभग डेढ़ साल तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य किया। वेबसाइट के अनुसार, अपने राजनीतिक जीवन के अलावा, राधाकृष्णन टेबल टेनिस में कॉलेज चैंपियन और लंबी दूरी के धावक भी थे। उन्हें क्रिकेट और वॉलीबॉल का भी शौक है।

ये भी पढ़ें- CP Radhakrishnan: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन होंगे उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA के उम्मीदवार, जेपी नड्डा ने की घोषणा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।