कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी? भारतीय सेना की अधिकारी जिन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' पर मीडिया को दी जानकारी

Who Is Colonel Sophia Qureshi: 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारतीय सेना ने बुधवार को एक प्रेस ब्रीफिंग की, जिसमें मीडिया को इस जवाबी कार्रवाई की आधिकारिक रूप से जानकारी दी गई। भारतीय सेना की ओर से इस प्रेस ब्रीफिंग की अगुआई दो महिला अधिकारियों ने की। इनमें से एक का नाम सोफिया कुरैशी हैं, जो भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। वहीं दूसरी महिला अधिकारी का नाम व्योमिका सिंह हैं, जो भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर हैं

अपडेटेड May 07, 2025 पर 1:16 PM
Story continues below Advertisement
Colonel Sophia Qureshi: कर्नल सोफिया कुरैशी, भारतीय सेना के सिग्नल कोर की एक डेकोरेटेड ऑफिसर हैं

Who Is Colonel Sophia Qureshi: भारतीय सेना ने मंगलवार देर रात 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आंतकी ठिकानों पर हमला कर उन्हें नेस्तानाबूत किया। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की इस एयर स्ट्राइक में कई आतंकियों के मारे जाने की आंशका है। इस हमले के बाद भारतीय सेना ने बुधवार को एक प्रेस ब्रीफिंग की, जिसमें मीडिया को इस जवाबी कार्रवाई की आधिकारिक रूप से जानकारी दी गई। भारतीय सेना की ओर से इस प्रेस ब्रीफिंग की अगुआई दो महिला अधिकारियों ने की। इनमें से एक का नाम सोफिया कुरैशी हैं, जो भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। वहीं दूसरी महिला अधिकारी का नाम व्योमिका सिंह हैं, जो भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर हैं।

उनके साथ भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। तीनों अधिकारियों ने प्रेस को बताया कि आतंकी पहलगाम में 22 अप्रैल की घटना से भारत में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा देना चाहते थे। अधिकारियों ने कहा कि भारत पूरी तरह से तैयार है और पाकिस्तान की हरकतों से स्थिति और बिगड़ेगी।

कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी?

कर्नल सोफिया कुरैशी, भारतीय सेना के सिग्नल कोर की एक डेकोरेटेड ऑफिसर हैं। उन्होंने न सिर्फ अपने करियर में कई मील के पत्थर हासिल किए हैं, बल्कि भारतीय सेना की महिलाओं के लिए भी एक मिसाल कायम की है। वह इससे पहले मार्च 2016 में भी सुर्खियों में रही थीं, जब उन्होंने एक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना की टुकड़ी की अगुआई की थी। तब वह ऐसा करने वाली भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी बन गई थीं। यह अभ्यास था ‘एक्सरसाइज फोर्स 18’, जो कि भारत में आयोजित सबसे बड़े बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में से एक था।


इस अभ्यास में ASEAN देशों के साथ-साथ भारत, जापान, अमेरिका, रूस, चीन, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों के सैन्य दल शामिल हुए थे। उस समय वह इकलौती महिला थीं जिन्होंने किसी सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व किया।

UN मिशन में भी निभाई अहम भूमिका

2006 में उन्होंने कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में सेवा दी थी। वह देश भर से चुनी गई कुछ चुनिंदा प्रशिक्षकों में शामिल थीं। 2010 से वह पीसकीपिंग ऑपरेशंस (PKOs) से जुड़ी रही हैं।

1999 में सेना में हुई थी एंट्री

सोफिया कुरैशी भारतीय सेना में एंट्री 1999 में हुई थी। उन्‍होंने 1999 में चेन्नई की ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी से प्रशिक्षण हासिल किया। इसके बाद वह सेना में लेफ्टिनेंट के तौर पर कमीशन हुईं। पंजाब सीमा पर ऑपरेशन पराक्रम के दौरान उनकी सेवा के लिए उन्हें जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C)का प्रशंसा पत्र भी मिल चुका है।

निजी जीवन

कर्नल सोफिया गुजरात से हैं और उन्होंने बायोकैमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएट किया हुआ है। वह एक सैन्य परिवार से आती हैं और उनके दादा भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उनकी शादी मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के एक अधिकारी से हुई है।

यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान का शेयर बाजार क्रैश, कराची स्टॉक एक्सचेंज 6% टूटा, दशहत में निवेशक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।