Gurugram's Rajiv Chowk: गुरुग्राम के राजीव चौक से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। शहर में एक मॉडल के साथ दिन-दहाड़े बदसलूकी की गई। यह घटना तब हुई जब वह एक कैब का इंतजार कर रही थी। पीड़िता ने एक वीडियो शेयर कर अपनी आपबीती सुनाई है। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। आइए आपको बताते हैं आखिर क्या है पूरा मामला।
'पैंट की जिप खोल करने लगा अश्लील हरकतें'
वीडियो में पीड़िता ने बताया कि वह जयपुर से लौटी थीं और सुबह करीब 11 बजे गुरुग्राम के राजीव चौक पर उतरी थीं। जब वह अपनी कैब का इंतजार कर रही थीं, तो एक व्यक्ति लगातार उसे घूर रहा था। पीड़िता ने बताया कि पहले तो उसने इसे नजरअंदाज कर दिया, लेकिन फिर उसने देखा कि उस व्यक्ति ने अपनी पैंट की जिप खोल दी और उनके सामने अश्लील हरकतें करने लगा। मॉडल ने इस पूरी घटना को अपने फोन पर रिकॉर्ड कर लिया।
मॉडल ने अपने वीडियो में बताया कि, 'वह पूरे होशो हवास में वैसी हरकतें कर रहा था। वह बस मुझे असहज महसूस करा रहा था, और मुझे बहुत-बहुत घिनौना महसूस हुआ।' उन्होंने यह भी बताया कि उस समय वह डर के मारे कुछ नहीं कर पाईं और उन्हें दूसरी कैब बुक करनी पड़ी, क्योंकि उनकी पहली कैब का ड्राइवर फोन नहीं उठा रहा था।
'नहीं हो पाया महिला हेल्पलाइन से संपर्क'
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम या महिला हेल्पलाइन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाईं। इसके बाद उन्होंने गूगल पर नजदीकी पुलिस स्टेशन का नंबर ढूंढा और घटना की जानकारी दी। हालांकि, उन्हें लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से पुलिस स्टेशन आने के लिए कहा गया।
यह घटना तब सुर्खियों में आई जब पीड़िता ने पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने गुरुग्राम पुलिस व हरियाणा सरकार को अपने पोस्ट में टैग किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो गया वीडियो फिर हुई कार्रवाई
मॉडल के साथ हुए हैरेसमेंट पर सोशल मीडिया पर लोगों के गुस्से के बाद, गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई और सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) और 78 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपी का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।