Delhi: दिल्ली में 'हीलियम गैस' सूंघकर CA ने दी जान, सुसाइड नोट में ऐसा क्या लिख दिया जिसे पढ़कर सभी हैं हैरान!

कंसल ने 2002 में अपने पिता को खो दिया था, और उनकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। उन्हें उनके दादा-दादी ने पाला था। वो बंगाली मार्केट के पास एक एयरबीएनबी में रह रहे थे। घटना का पता सोमवार को चला, जब वह चेक आउट समय के बाद भी अपने कमरे से नहीं निकलें

अपडेटेड Jul 30, 2025 पर 5:01 PM
Story continues below Advertisement
दरवाजा तोड़ने पर पुलिस ने कंसल को बिस्तर पर मृत पाया। उनके मुंह से एक हीलियम सिलेंडर से जुड़ी पाइप लगी हुई थी

Delhi News: दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक गेस्ट हाउस में 25 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) धीरज कंसल ने कथित तौर पर हीलियम गैस सूंघकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड करने से पहले उन्होंने एक कागज पर और सोशल मीडिया पर नोट लिखा हैं। कंसल ने अपना सुसाइड नोट फेसबुक पर पोस्ट किया था और यह आशंका जताते हुए एक लिखित नोट भी छोड़ा था कि कहीं उनका सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट न हो जाए।

दिल्ली में हीलियम गैस सूंघकर आत्महत्या का यह पहला मामला सामने आया है। कंसल गोल मार्केट के बंगाली मार्केट के पास एक एयरबीएनबी में रह रहे थे। घटना का पता सोमवार को चला, जब वह चेक आउट समय के बाद भी अपने कमरे से नहीं निकलें।

कमरा खुला और नजारा देख सभी रह गए दंग


मालिक को कमरे के पास से बदबू आने पर उसने अधिकारियों को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर पुलिस ने कंसल को बिस्तर पर मृत पाया। उनके मुंह से एक हीलियम सिलेंडर से जुड़ी पाइप लगी हुई थी और उनका चेहरा व गर्दन एक प्लास्टिक शीट से ढकी हुई थी। कंसल ने गेस्ट हाउस में 20 जुलाई को चेक इन किया था और उन्हें 28 जुलाई को चेक आउट करना था। ऐसा माना जा रहा है कि कंसल ने गाजियाबाद में एक ई-कॉमर्स वेबसाइट से हीलियम सिलेंडर मंगवाया था।

सुसाइड नोट में क्या लिखा था?

अपने फेसबुक पोस्ट में कंसल ने लिखा, 'मेरी मौत के लिए किसी को भी दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। यह मेरा अपना फैसला था। मेरे जीवन में मैं जिनसे भी मिला, वे सभी मेरे प्रति दयालु थे, इसलिए मैं पुलिस और सरकार से अनुरोध करता हूं कि इस वजह से किसी को परेशान न करें।' उन्होंने यह भी इच्छा जताई कि उनके पैसे किसी अनाथालय या वृद्धाश्रम में दान कर दिए जाएं और उनके अंग दान कर दिए जाएं। कंसल ने अपने नोट में लिखा, 'मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। मैं किसी का नाम नहीं लूंगा क्योंकि मैं नहीं चाहता कि आप में से कोई मुसीबत में पड़े।'

आपको बता दें कि कंसल ने 2002 में अपने पिता को खो दिया था, और उनकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। उन्हें उनके दादा-दादी ने पाला था। फिलहाल अधिकारी उनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया की जांच कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।