सोशल मीडिया पर इन दिनों यूट्यूबर और बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट अनुराग दोभाल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके फैंस और सोशल मीडिया यूज़र्स काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल क्लिप में वो कार चलाते हुए खुद ही वीडियो रिकॉर्ड करते दिखाई देते हैं और काफी भावुक हालत में नजर आते हैं। वीडियो में वो अपनी जिंदगी से जुड़ी परेशानियों और भावनात्मक संघर्षों का जिक्र करते सुनाई देते हैं। इसी दौरान उन्होंने कुछ ऐसी बातें भी कही, जिससे उनके चाहने वालों की चिंता और बढ़ गई।
वीडियो तेजी से अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है और लोग लगातार उनके हालात को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर इंटरनेट पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं और फैंस उनके सुरक्षित होने की कामना कर रहे हैं।
कार चलाते हुए रिकॉर्ड किया वीडियो
वायरल क्लिप में अनुराग दोभाल खुद ही वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आते हैं। वीडियो में वो काफी परेशान और उदास दिखाई देते हैं। वो अपनी जिंदगी में प्यार और भावनात्मक सहारे की कमी का जिक्र करते हुए कहते हैं कि उन्हें हमेशा सच्चे प्यार की जरूरत महसूस हुई।
वीडियो के दौरान अनुराग दोभाल अपनी मां को याद करते हुए भावुक हो जाते हैं। वो कहते हैं, “अगर मैं दोबारा जन्म लूं तो मां मुझे बहुत सारा प्यार देना… मुझे प्यार की बहुत जरूरत थी।” उनकी ये बात सुनकर कई लोग भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर चिंता जताने लगे।
‘फाइनल राइड’ की बात से बढ़ी चिंता
वीडियो के आखिरी हिस्से में वो कुछ ऐसा कहते सुनाई देते हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई। उन्होंने कथित तौर पर कहा, “चलो फाइनल राइड पर चलते हैं।” इसके कुछ ही पलों बाद बताया जा रहा है कि उनकी कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और उसी समय लाइव वीडियो अचानक बंद हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के बाद अनुराग ने गाड़ी रोक दी थी और वो सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर फैंस की चिंता
Anurag Dobhal, जिन्हें इंटरनेट पर “UK07 Rider” के नाम से जाना जाता है, अपने मोटरसाइकिल ट्रैवल व्लॉग्स के लिए काफी मशहूर हैं। उनके सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं और Bigg Boss 17 में आने के बाद उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई थी।
इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद फैंस लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं और उन्हें मदद लेने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही कई लोग सोशल मीडिया पर ऐसे संवेदनशील मुद्दों को जिम्मेदारी से साझा करने की अपील भी कर रहे हैं।