राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा बुलाए गए प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से ठीक पहले प्रशासन ने बहुत सख्त कदम उठाया है। हमारी सहयोगी वेबसाइट News 18 की रिपोर्ट के मुताबिक इस हाई-प्रोफाइल प्रदर्शन में शामिल होने आए मशहूर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया है।
दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रदर्शन को रोकने के लिए चलाए जा रहे इस व्यापक अभियान के तहत पुलिस ने कई अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।
गुरुग्राम स्थित घर पर सुबह-सुबह पहुंची पुलिस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूट्यूबर ध्रुव राठी शनिवार सुबह के वक्त हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 56 के सेंट्रल पार्क विहार में अपने परिवार के आवास पर मौजूद थे। सुबह करीब 7:48 बजे जब उनकी माता ने दरवाजा खोला, तो दिल्ली पुलिस के अधिकारी अंदर दाखिल हुए। सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि विरोध-प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए शुक्रवार देर रात से ही उनके आवास के बाहर लगभग 50 पुलिसकर्मी तैनात हो गए थे। शनिवार सुबह सिविल ड्रेस और पुलिस की वर्दी में पहुंचे लगभग 50 पुलिसकर्मियों ने औपचारिक रूप से ध्रुव राठी को अपनी हिरासत में ले लिया।
CJP के प्रदर्शन में शामिल होने आए थे ध्रुव राठी
उल्लेखनीय है कि ध्रुव राठी CJP के बैनर तले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। प्रदर्शन से पहले उन्होंने दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजामों और मेट्रो-ट्रेनों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर सवाल भी उठाए थे और सरकार के रवैये की आलोचना की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका और निषेधाज्ञा के चलते इस प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी गई थी, जिसके कारण आयोजकों और समर्थकों को रोकने के लिए यह एहतियाती कार्रवाई की गई है।
दिल्ली भर में व्यापक कार्रवाई, आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोग भी हिरासत में
समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक इस पूरे विरोध-प्रदर्शन को विफल करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी 15 जिलों में बड़े पैमाने पर एहतियाती गिरफ्तारियां और हिरासत की कार्रवाई की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के विशेष उपायों के तहत सभी 15 जिलों से आपराधिक रिकॉर्ड वाले लगभग 30 से 40 लोगों को उठाया गया है। CJP के इस प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली इलाके और आसपास से कुल मिलाकर लगभग 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों और समर्थकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उन तमाम संदिग्धों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रख रही है जो भीड़ को एकजुट कर सकते हैं या प्रदर्शन को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे लोगों के घरों के बाहर सुरक्षा और सर्विलांस बढ़ा दी गई है।