AIIMS Patna Recruitment 2025 में सीनियर रेजिडेंट के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की पटना इकाई के लिए जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक रेजिडेंट के ये पद गैर एकेडमिक हैं। आप अगर एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी का सपना देख रहे हैं, तो इस खबर को ध्यान से देखें। इसमें दी गई जानकारी आपके सपने को हकीकत में बदल सकती है। आइए जानते हैं नोटिफिकेशन और परीक्षा की तारीख के बारे में।
एम्स में नॉन एकेडमिक सीनियर रेजिडेंट के लिए 152 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इस पद के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके छात्र ही अप्लाई कर सकते हैं। अगर आप भी एम्स, पटना में सीनियर रेजिडेंट के रूप में काम करना चाहते हैं, तो आप आधिकारिक वेबसाइट aiimspatna.edu.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई, 2025 गई है।
एम्स पटना की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक 152 सीनियर रेजिडेंट (नॉन एकेडमिक) के पद के लिए परीक्षा 14 अगस्त, 2025 को आयोजित की जाएगी। भर्ती परीक्षा सुबह 10 बजे से लेकर 11.30 बजे तक होगी।
इन पदों के लिए सिर्फ पोस्टग्रेजुएट छात्र ही अप्लाई कर सकते हैं। यानी इसमें आवेदन करने के लिए आपके पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एमडी, एमएस, डीएनबी या डीएम की डिग्री होनी चाहिए। इस परीक्षा के लिए अधिकतम 45 वर्ष की आयु वाले उम्मीदवार अप्लाई कर सकते हैं। हालांकि, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को आयु-सीमा में 5 वर्ष की छूट, ओबीसी उम्मीदवारों को आयु-सीमा में 3 वर्ष की छूट और दिव्यांग उम्मीदवारों को आयु-सीमा में 10 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
इस परीक्षा में अप्लाई करने के लिए सामान्य और ओबीसी श्रेणी के छात्रों को 1500 रुपये एप्लीकेशन फीस देनी होगी, जबकि अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए यह राशि 1,200 रुपये तय की गई है। इसके अलावा, दिव्यांग व महिला उम्मीदवारों को एप्लीकेशन फीस में छूट प्रदान की गई है।
डेढ़ घंटे की होगी परीक्षा
इस पद के लिए लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार उम्मीदवारों का चुनाव किया जाएगा। यह परीक्षा 1.30 घंटे की होगी और इसमें 100 अंकों के 100 मल्टिपल च्वाइस सवाल पूछे जाएंगे। इसमें गलत जवाब के लिए नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। परीक्षा में सामान्य वर्ग के लिए 50%, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 45% और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को 40% अंक आना अनिवार्य होगा।