अमेरिकी IT कंपनी कॉग्निजेंट (Cognizant) ने 2025 में 20000 फ्रेशर्स को हायर करने की योजना बनाई है। इस कदम का उद्देश्य कंपनी के टैलेंट पिरामिड को नया आकार देने के साथ मैनेज्ड सर्विसेज और आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस की अगुआई वाले सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट को सपोर्ट करना है। जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में कंपनी के एंप्लॉयीज की संख्या में 500 की गिरावट आई और यह 3,36,300 एंप्लॉयीज रही। कंपनी की भारत में कर्मचारियों की अच्छी-खासी संख्या है।
कॉग्निजेंट के CEO रवि कुमार एस. का कहना है, ‘‘जैसा कि हमने इनवेस्टर डे पर कहा था, हम अपनी रणनीति के तहत 20,000 फ्रेशर्स को हायर कर रहे हैं, जो पिछले साल की गई हायरिंग के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है।’’ कुमार ने बताया कि इस वर्ष कंपनी अधिक संख्या में नए ग्रेजुएट्स को नियुक्त करने की योजना बना रही है, ताकि अधिक मजबूत वर्कफोर्स पिरामिड का निर्माण किया जा सके। खासकर तब, जब पिछले दो वर्षों में मैनेज्ड सर्विसेज प्रोजेक्ट्स में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि कंपनी 3 क्षेत्रों- फ्रेशर्स की हायरिंग, AI के जरिए प्रोडक्टिविटी बढ़ाने और ह्यूमन कैपिटल कॉस्ट को प्रभावी ढंग से मैनेज करने के लिए यूटिलाइजेशन में सुधार करने पर फोकस कर रही है। कॉग्निजेंट का कहना है कि 14,000 पूर्व कर्मचारियों ने कंपनी को फिर से जॉइन किया है, साथ ही और 10000 जॉइन करने वाले हैं।
मार्च तिमाही में रेवेन्यू 7 प्रतिशत बढ़ा
कॉग्निजेंट का जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में रेवेन्यू सालाना आधार पर 7.45 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 5.1 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 4.7 अरब डॉलर रहा था। कंपनी जनवरी-दिसंबर वित्त वर्ष फॉलो करती है। कॉग्निजेंट ने फुल ईयर ग्रोथ गाइडेंस को बढ़ाकर 3.9-6.4 प्रतिशत कर दिया है, पहले यह 2.6-5.1 प्रतिशत था। कंपनी को साल 2025 में रेवेन्यू 20.5-21 अरब डॉलर के बीच रहने की उम्मीद है।