गुजरात की महिला एवं बाल विकास विभाग ने उन महिलाओं के लिए शानदार अवसर दिया है, जो सरकारी नौकरी की तलाश में हैं। विभाग की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिका के 9,000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस अभियान के तहत कुल 9,895 पद भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 8 अगस्त 2025 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक महिलाएं 30 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट e-hrms.gujarat.gov.in पर जाकर पंजीकरण करना होगा। ये खासतौर पर उन गृहणियों के लिए अच्छा मौका है जो परिवार की आय में योगदान देना चाहती हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती में विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं, आंगनवाड़ी सहायिका के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास या उसके बराबर मानी गई है। आयु सीमा की बात करें तो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मिनी कार्यकर्ता पद के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जबकि सहायिका पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 43 वर्ष तय की गई है।
इस भर्ती की सबसे खास बात ये है कि इसमें किसी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया पूरी होगी। इस तरह, जिन महिलाओं के पास आवश्यक योग्यता और सही दस्तावेज मौजूद हैं, उनके लिए चयन की संभावना काफी अधिक है।
चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रति माह ₹10,000 का मानदेय दिया जाएगा। मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को भी समान राशि ₹10,000 प्रतिमाह मिलेगी, जबकि आंगनवाड़ी सहायिका को ₹5,500 प्रति माह का वेतन प्रदान किया जाएगा। ये आय ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं के लिए एक स्थिर आय का स्रोत बन सकती है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले महिला एवं बाल विकास विभाग, गुजरात की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां ‘Online Apply’ लिंक पर क्लिक करके पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद ईमेल आईडी पर लॉगिन के लिए यूजरनेम और पासवर्ड भेजा जाएगा। लॉगिन करके ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन सबमिट करें। अंत में, भविष्य के लिए कन्फर्मेशन पेज का प्रिंट निकाल लेना उचित होगा।
आवेदन से पहले जरूरी सावधानियां
महिला उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर कोई भ्रम न रहे। साथ ही, आवेदन के बाद वेबसाइट पर समय-समय पर विजिट करके भर्ती से जुड़ी ताजा जानकारी प्राप्त करना भी आवश्यक है।