देश में नौकरी देने में ये 10 नॉन-मेट्रो शहर सबसे आगे, LinkedIn की लिस्ट में शामिल हैं ये टॉप पर

Job Search News: प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म LinkedIn की 'Cities on the Rise' रिपोर्ट के अनुसार, भारत के नॉन-मेट्रो (Tier-2) शहर तेजी से नए रोजगार हब के रूप में उभर रहे हैं। बड़ी टेक कंपनियों, बैंकों, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और स्टार्ट-अप्स के विस्तार से इन शहरों में नौकरियों के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं

अपडेटेड Jul 27, 2026 पर 12:57 PM
Job Search News: लिंक्डइन ने अपनी सालाना सिटीज ऑन द राइज 2026 सर्वे रिपोर्ट का दूसरा एडिशन जारी किया है

Job Search News: जब करियर बनाने या नई नौकरी तलाशने की बात आती है तो आमतौर पर लोगों का ध्यान देश के बड़े मेट्रो शहरों पर जाता है। हालांकि प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म 'लिंक्डइन' की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक भारत में अब नौकरी के सबसे तेजी से बढ़ते बाजार मेट्रो शहरों से बाहर नॉन-मेट्रो और छोटे-मझोले शहरों में बन रहे हैं। LinkedIn ने अपनी सालाना सिटीज ऑन द राइज (Cities on the Rise) 2026 सर्वे रिपोर्ट का दूसरा एडिशन जारी किया है। इसमें देश के ऐसे 10 नॉन-मेट्रो शहरों को शामिल किया गया है जो रोजगार के मामले में सबसे आगे बनकर उभर रहे हैं।

लिंक्डइन की इस स्टडी के मुताबिक ये उभरते शहर प्रोफेशनलों को उनके घर के पास ही अलग-अलग इंडस्ट्री, एंप्लॉयर्स और करियर के नए रास्तों तक पहुंचने का स्पेस दे रहे हैं। ये ट्रेंड देश में रोजगार के अधिक समावेशी और डिस्ट्रिब्यूटेड ग्रोथ की कहानी भी बयान कर रहा है। आइए आपको पहले देश के ऐसे उभरते 10 नॉन मेट्रो शहर के बारे में बताते हैं।

देश के टॉप 10 उभरते नॉन-मेट्रो शहर


लिंक्डइन की सिटीज ऑन द राइज लिस्ट के मुताबिक नौकरी देने और मजबूत जॉब मार्केट मोमेंटम के मामले में देश के टॉप 10 नॉन-मेट्रो शहर नीचे दिए गए हैं:-

विशाखापट्टनम

लुधियाना

सूरत

वडोदरा

प्रयागराज

राजकोट

जबलपुर

रांची

रायपुर

विजयवाडा

जॉब मार्केट में बढ़ा कड़ा मुकाबला: 72% प्रोफेशनल बदल रहे नौकरी

लिंक्डइन के रिसर्च में जॉब मार्केट से जुड़े कुछ जरूरी आंकड़े भी सामने आए हैं। साल 2022 की शुरुआत की तुलना में अब हर ओपन रोल पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है, जिससे नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है। भारत में 72% पेशेवर इस साल नई नौकरी या रोल की एक्टिवली तलाश कर रहे हैं। सर्वे में 76% प्रोफेशनलों का मानना है कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े स्किल गैप की वजह से अब नई नौकरी तलाशना पहले से अधिक कठिन हो गया है।

ट्रेडिशनल इंडस्ट्री से आगे निकलकर टेक और फाइनेंस में बढ़ रही नौकरियां

रिपोर्ट के मुताबिक इन शहरों की लिगेसी इंडस्ट्री को अब टेक्नोलॉजी, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंफ्रास्ट्रक्चर और सर्विसेज सेक्टर का मजबूत साथ मिल रहा है। विशाखापट्टनम में बंदरगाह, फार्मास्यूटिकल और मैन्युफैक्टरिंग इकॉनमी के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर और टेक्नोलॉजी सेक्टर में भारी निवेश देखने को मिल रहा है।

इसी तरह अपने पारंपरिक मैन्युफैक्चरिंग बेस से आगे बढ़ते हुए लुधियाना अपनी अर्थव्यवस्था में स्टील, एविएशन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को जोड़ रहा है। टेक्स्टाइल और हीरा इंडस्ट्री के अपने पारंपरिक गढ़ का विस्तार करते हुए सूरत स्टार्ट-अप्स, एक्सपोर्ट्स और रियल एस्टेट के जरिए नए रोजगार पैदा कर रहा है। केमिकल और मशीनरी उद्योगों के साथ-साथ वडोदरा अब टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और एंटरप्राइज निवेश को आकर्षित कर रहा है। कॉमर्शियल बेस के साथ-साथ विजयवाड़ा में आईटी और ई-गवर्नेंस कंपनियों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।

आईटी और बैंकिंग सेक्टर में सबसे ज्यादा भर्तियां

लिंक्डइन की रिपोर्ट में सामने आया है कि आईटी सर्विस एंड टेक कंसल्टिंग सेक्टर सभी 10 नॉन-मेट्रो शहरों में टॉप-3 सबसे ज्यादा नौकरियां देने वाले उद्योगों में शामिल है। बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं 10 में से 8 शहरों में सबसे ज्यादा हायरिंग करने वाले मुख्य सेक्टर्स में शामिल हैं।

बड़े कॉर्पोरेट्स और शिक्षण संस्थानों की भूमिका

इन शहरों में स्थानीय जॉब मार्केट को विस्तार देने में कई दिग्गज कंपनियां और शिक्षण संस्थान अहम भूमिका निभा रहे हैं। HDFC, ICICI बैंक, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), रिलायंस ग्रुप की संस्थाएं, HCLTech, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और कंसेंट्रिक्स जैसी कंपनियां इन शहरों में नौकरियों के अवसर बढ़ा रही हैं।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), केएल यूनिवर्सिटी और आईआईटी (आईएसएम) धनबाद (IIT ISM Dhanbad) जैसे शीर्ष संस्थान इन शहरों में रोजगार के अवसरों और टैलेंट पाइपलाइन दोनों को मजबूत कर रहे हैं।

कैसे तय की गई शहरों की रैंकिंग?

लिंक्डइन रिपोर्ट के मुताबिक, इस रैंकिंग को तय करने के लिए उन क्षेत्रों की पहचान की गई जहां जॉब मार्केट में सबसे मजबूत मोमेंटम देखा गया। इसके अलावा यह भी देखा गया कि किन शहरों में बाहर जाने वाले कर्मचारियों की तुलना में बाहर से आकर बसने वाले प्रोफेशनलों की संख्या अधिक है।

ये भी पढ़ें- Justice Ujjal Bhuyan: 'गंगा किनारे चिकन खाने पर कोई कानूनी रोक नहीं..'; सुप्रीम कोर्ट के जज के बयान पर शुरू हई नई बहस

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।