RSSB Computer Instructor Recruitment: राजस्थान में सरकारी शिक्षक की नौकरी तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अपडेट है। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) या कंप्यूटर साइंस विषय से मास्टर डिग्री प्राप्त उम्मीदवारों के लिए यह बड़ा मौका हो सकता है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने सीनियर और बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के 3951 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इन पदों पर भर्ती के आधिकारिक वेबसाइट https://rssb.rajasthan.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन पदों पर आवेदन शुरू हो चुका है, जो 23 जून, 2026 को रात 11.59 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। फॉर्म में गलती को सुधारने के लिए बोर्ड 26 जून से 28 जून 2026 के बीच आवेदन सुधार विंडो भी खोलेगा।
राजस्थान सरकार इस भर्ती अभियान के माध्यम से राज्य के शिक्षा विभाग के दो प्रमुख स्कूलों में आईटी शिक्षा को सुदृढ़ करेगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग में सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के लिए 300 पद आवंटित किए गए हैं (गैर-अनुसूचित क्षेत्र के लिए 268 और अनुसूचित क्षेत्र के लिए 32 पद)। संस्कृत शिक्षा विभाग के स्कूलों के लिए सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के 22 पद निकाले गए हैं (गैर-अनुसूचित क्षेत्र के लिए 20 और अनुसूचित क्षेत्र के लिए 02 पद)। इस प्रकार सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के कुल 322 पदों पर भर्ती की जाएगी, जबकि शेष 3,629 पद बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के लिए रखे गए हैं।
आरएसएसबी कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती 2026 योग्यता जरूरतें
शैक्षिक योग्यता : उम्मीदवारों के पास कंप्यूटर साइंस या आईटी में एमई (M.E.), एम.टेक. (M.Tech.), एमसीए (MCA), या एम.एससी. (M.Sc. in CS/IT) की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स या संबंधित तकनीकी क्षेत्र में मास्टर डिग्री रखने वाले भी पात्र हैं।
जनरल और क्रीमीलेयर ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 600 रुपये आवेदन शुल्क तय किया गया है। वहीं, राजस्थान के नॉन-क्रीमीलेयर ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपये रहेगा। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही एसएसओ (SSO) पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) शुल्क दे दिया है, उन्हें दोबारा फीस नहीं देनी होगी।
योग्य उम्मीदवार राजस्थान सरकार के आधिकारिक एसएसओ पोर्टल (SSO Rajasthan Portal) या बोर्ड की वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म जमा करने और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 23 जून 2026 (रात 11:59 बजे तक) निर्धारित की गई है।