UKMSSB Nursing Officer Recruitment 2026: उत्तराखंड में नर्सिंग अधिकारी की भर्ती शुरू, चयनित उम्मीदवारों को हर महीने मिलेगी 1.42 लाख रुपये सैलरी

UKMSSB Nursing Officer Recruitment 2026: उत्तराखंड में नर्सिंग अधिकारी के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। इस पद पर चयनित उम्मीदवारों 1.42 लाख रुपये तक सैलरी मिलेगी। आइए जानें आवेदन की लास्ट डेट

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 7:30 AM
इच्छुक उम्मीदवार यूकेएमएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

UKMSSB Nursing Officer Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए उत्तराखंड सरकार से अच्छी खबर है। यह खासतौर से मेडिकल क्षेत्र में नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अच्छा मौका है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्तियां निकाली है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 जून से शुरू हो चुके हैं। इस भर्ती के तहत कुल 196 पद भरे जाएंगे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 02 जुलाई को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से की जा रही है। भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन 3 जून 2026 को जारी किया गया था। आवेदन में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक खुली रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन में जरूरी बदलाव कर सकेंगे।

पदों का विवरण

इस अभियान के तहत कुल 196 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए महिला और पुरुष दोनों आवेदन कर सकते हैं। महिला नर्सिंग ऑफिसरों के लिए सबसे ज्यादा 157 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें 126 पद डिग्री धारक उम्मीदवारों और 31 पद डिप्लोमा धारकों के लिए हैं। वहीं पुरुष नर्सिंग ऑफिसर के लिए कुल 39 पद रखे गए हैं। इनमें 31 पद डिप्लोमा धारकों और 8 पद डिग्री धारकों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

1.42 लाख रुपये तक मिलेगा वेतन

यूकेएमएसएसबी नर्सिंग अधिकारी के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत पे-मैट्रिक्स लेवल-7 का लाभ मिलेगा। वेतनमान 44,900 रुपये से शुरू होकर 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक रहेगा। इसके अलावा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।

कौन कर सकता है आवेदन?


शैक्षिक योग्यता : इच्छुक और योग्य उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) डिप्लोमा, बीएससी नर्सिंग, बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) से मान्यता प्राप्त होनी जरूरी है। उम्मीदवार के पास उत्तराखंड नर्सिंग एवं दाई परिषद, देहरादून का वैध और स्थायी पंजीकरण प्रमाणपत्र भी होना चाहिए। अभ्यर्थी को हिंदी भाषा की जानकारी भी होनी चाहिए।

प्रांतीय सेना या एनसीसी प्रमाणपत्र को प्राथमिकता

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के पास प्रांतीय सेना में कम से कम दो वर्ष की सेवा का प्रमाणपत्र है या एनसीसी का बी या सी सर्टिफिकेट है उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

उम्र सीमा : इन भर्तियों के लिए न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2025 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।

चयन के लिए देनी होगी लिखित परीक्षा

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में 200 अंकों के मल्टीपल चॉइस प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे। जवाब देने के लिए उम्मीदवारों को तीन घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी और मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा। बोर्ड की ओर से परीक्षा देहरादून, श्रीनगर, हल्द्वानी और ऋषिकेश सहित विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

आवेदन शुल्क कितना है?

सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 300 रुपये

SC/ST/EWS/PwD श्रेणी: 150 रुपये

आवेदन कैसे करें?

इच्छुक उम्मीदवार UKMSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करना और फॉर्म जमा करने से पहले पूरी जानकारी की जांच करना जरूरी है। अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि दिक्कतों से बचा जा सके।

OSSSC nursing officer recruitment 2026: ओडिशा में नर्सिंग अधिकारी के 6000 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 92,000 रुपये तक मिलेगी सैलरी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।