UP Constable Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जून के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा के जरिए राज्य में 32,679 पदों पर भर्ती की जाएगी। यह परीक्षा राज्य के सभी 75 जिलों में 1180 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 28.86 लाख उम्मीदवार शामिल होंगे। परीक्षा रोजाना दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
नकल-मुक्त परीक्षा के लिए प्रशासन ने कसी कमर
राज्य में होने वाली इस बड़ी और प्रमुख भर्ती परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों व अन्य पुलिस अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता और गोपनियता बनाए रखने के लिए अहम निर्देश दिए।
कर्मचारियों की ई-केवाईसी अनिवार्य
मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों की ई-केवाईसी कराना जरूरी होगा। परीक्षा केंद्र में बिना सत्यापन किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। किसी प्रकार की सांठगांठ की आशंका को दरकिनार करने के लिए रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत कर्मचारियों का चयन किया जाएगा। यहां केवल सत्यापित राजकीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की इजाजत नहीं होगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट सभी उपकरण क्लॉक रूम में जमा करना यह सुनिश्चित करेंगे। इतना ही नहीं, नियंत्रण कक्ष और स्ट्रॉन्ग रूम को छोड़कर अन्य खाली और बिना इस्तेमाल वाले कमरों को सील किया जाएगा। केंद्र प्रभारी पुलिस अधिकारी रोजाना परीक्षा केंद्रों का सैनिटाइजेशन भी कराएंगे। बैठक में भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर भी मौजूद थे।
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती की चयन प्रक्रिया में उम्मीदवारों को सबसे पहले लिखित परीक्षा देनी होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, सामान्य हिन्दी, संख्यात्मक एंव मानसिक योग्तया, मानसिक अभिरूचि, बुद्धिलब्धि एंव तार्किक क्षमता से 150 सवाल पूछे जाएंगे। सभी प्रश्नों के कुल अंक 300 है। परीक्षा की समयावधि 2 घंटे की होगी। लिखित परीक्षा में पास होने वाले कैंडिडेट्स को अगले चरण में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और शारीरिक मानक परीक्षा (DV&PST) के लिए बुलाया जाता है।
दूसरे चरण में शामिल होने वाले उम्मीदवारों में सामान्य/अन्य पिछड़े वर्गों और अनुसूचित जातियों के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 168 सेमी होनी चाहिए। वहीं, अनुसूचित जनजाति के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 160 सेमी होनी चाहिए। सीने की माप भी तय की गई है। वहीं सामान्य/अन्य पिछड़ा वर्गों तथा अनुसूचित जातियों की महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 152 सेमी होनी चाहिए। अनुसूचित जनजातियों की महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 147 सेमी होनी चाहिए। वजन न्यूनतम 40 केजी तक हो।