UP Police Constable Admit Card 2026: कांस्‍टेबल भर्ती परीक्षा का हॉल टिकट आधिकारिक वेबसाइट से करें डाउनलोड, 32,000 से ज्‍यादा पदों पर होनी है भर्ती

UP Police Constable Admit Card 2026: यूपी में 32000 से ज्‍यादा पदों के लिए होने वाली कांस्‍टेबल भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी हो गया है। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्‍मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं

अपडेटेड Jun 05, 2026 पर 12:39 PM
उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

UP Police Constable Admit Card 2026: उत्‍तर प्रदेश पुलिस में कांस्‍टेबल बनने का सपना दे रहे राज्‍य के लाखों युवाओं के लिए यह बड़ा अपडेट है। उत्‍तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्‍नति बोर्ड (UPPRPB) ने यूपी पुलिस कांस्‍टेबल भर्ती के लिए होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। 8 से 10 जून के बीच होने वाली पुलिस कांस्‍टेबल भर्ती परीक्षा के जरिए चयनित उम्‍मीदवारों की नियुक्‍त‍ि 32,679 पदों पर की जाएगी।

यूपी पुलिस कांस्‍टेबल भर्ती परीक्षा 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। फिलहाल केवल 8 जून को परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने बताया है कि 9 जून की परीक्षा के एडमिट कार्ड 6 जून को और 10 जून की परीक्षा के एडमिट कार्ड 7 जून को जारी किए जाएंगे। आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उन्हें वेबसाइट के होम पेज पर उपलब्ध कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ दर्ज करके लॉग इन करना होगा। लॉग इन करते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट भी निकाला जा सकता है।

32,679 पदों पर भर्ती लिए परीक्षा देंगे 28 लाख उम्‍मीदवार

इस भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में कुल 32,679 खाली पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें सिविल पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल (SSF) और महिला बटालियन के पद शामिल हैं। भर्ती परीक्षा में 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है। इस वजह से इसे राज्य की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक माना जा रहा है।

ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा 8 जून, 9 जून और 10 जून 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उम्‍मीदवार ओएमआर शीट भरने के लिए केवल नीले या काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग कर सकते हैं।


परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर आयोग सख्त

यूपीपीआरपीबी ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं। बोर्ड के अनुसार परीक्षा में सॉल्वर या नकल माफिया के पकड़े जाने पर उसकी चल-अचल संपत्ति जब्त की जा सकती है। परीक्षा में पहली बार धांधली करते हुए पकड़े जाने पर अधिकतम 7 वर्ष की जेल और 10 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। दोबारा ऐसे अपराध में पकड़े जाने पर आजीवन कारावास के साथ 50 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

साथ ही, बोर्ड ने अभ्यर्थियों और अन्य लोगों को चेतावनी दी है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र या प्रश्नों को सोशल मीडिया पर शेयर करना, उनका विश्लेषण करना या किसी भी प्रकार की चर्चा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

UPSSSC Lower PCS Vacancy 2026: यूपी में लोअर पीसीएस के 2000 से ज्‍यादा पदों पर भर्ती का मौका, जानें आवेदन करने की लास्‍ट डेट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।