UP Police SI Recruitment 2026: यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा कल से, परीक्षा देने जाने से पहले जान लें ये जरूरी नियम

UP Police SI Recruitment 2026: यूपी पुलिस में एसआई भर्ती के लिए परीक्षा 14 और 15 मार्च को राज्य के सभी 75 जिलों में दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए यहां बताए जा रहे नियमों को जानना बहुत जरूरी है। आइए जानें क्या हैं ये नियम

अपडेटेड Mar 13, 2026 पर 10:30 PM
Story continues below Advertisement
यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के लिए यूपीपीआरपीबी ने 1090 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।

UP Police SI Recruitment 2026: यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) के 4543 पदों पर भर्ती के लिए 14 और 15 मार्च को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा के लिए राज्य के 75 जिलों में 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 15,75,760 उम्मीदवार दो शिफ्ट में परीक्षा देंगे। यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों को कल परीक्षा देने जाने से पहले कुछ नियमों को जरूर जान लेना चाहिए। बोर्ड ने इस संदर्भ में अभ्यर्थियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों के जरिए तीन स्तरीय निगरानी की व्यवस्था की गई है।

बोर्ड ने दिशानिर्देश में स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसलिए कोशिश करें कि परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंच जाएं। बोर्ड प्रवक्ता ने कहा कि अभ्यर्थी असुविधा से बचने के लिए चप्पल व सैंडिल पहनकर आएं। जूते-मोजे पहनकर उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की एचएचएमडी से जांच, आधार सत्यापन, आइरिस और फोटो कैप्चर के साथ फेस पहचान के जरिए पहचान का मिलान किया जाएगा।

साथ ही, बोर्ड ने अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड या वैध पहचान पत्र लाने की सलाह दी है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, कागज के टुकड़े सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण परीक्षा केंद्र पर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

24 घंटे पहले से निगरानी में रहेंगे परीक्षा केंद्र

राज्य के विभिन्न जिलों में 14-15 मार्च को आयोजित होने वाली यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के लिए यूपीपीआरपीबी ने 1090 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर पुलिस ने 24 घंटे पहले से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

अतिरिक्त फेरे लगाएंगी यूपी रोडवेज की बसें


प्रयागराज मंडल के रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रोडवेज पूरी तरह तैयार है। बसों पर कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी भी लगाई जाएगी ताकि अभ्यर्थियों को बस मिलने में कोई समस्या न हो। बसें 14-15 मार्च को हर रूट पर नियमित तो चलेंगी ही, जैसे भीड़ का अतिरिक्त दबाव आएगा, रिजर्व बस भी उतार दी जाएंगी। जिन रूटों पर बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी उनमें-प्रयागराज-लखनऊ मार्ग, प्रयागराज-अयोध्या मार्ग, प्रयागराज-कानपुर मार्ग, प्रयागराज-वाराणसी मार्ग, प्रयागराज-जौनपुर-गोरखपुर मार्ग, प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग और प्रयागराज-बांदा मार्ग शामिल हैं।

UPSC CMS Recruitment 2026: चिकित्सा सेवा में भर्ती के लिए आवेदन शुरू, जानें कैसे भरना है फॉर्म और कब है इसकी लास्ट डेट?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।