UPPSC RO ARO Final Result 2023: उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (UPPSC) ने समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। कुल 419 उम्मीदवार आरओ के पद के लिए 338 और एआरओ के पद के लिए 81 को अस्थायी रूप से चयनित घोषित किया गया है। परीक्षा देने वाले उम्मीदवार अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर चेक कर सकते हैं। आयोग ने नाम और रोल नंबर के साथ चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची जारी की है।
अनिल पांडे ने पहली रैंक हासिल की
इस परीक्षा में अनिल पांडे ने समीक्षा अधिकारी (सेक्रेटेरिएट) के पद के लिए पहली रैंक हासिल की है, जबकि दिग्विजय सिंह ने समीक्षा अधिकारी, बोर्ड ऑफ रेवेन्यू, यूपी लिस्ट में टॉप किया है। भानु मिश्रा ने यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन में समीक्षा अधिकारी के पद के लिए पहली पोजीशन हासिल की है। खास बात यह है कि टॉप 10 की सूची में महिलाओं का दबदबा रहा है, वहीं पूरी भर्ती प्रक्रिया में कुल 64 महिला अभ्यर्थियों ने अपना नाम दर्ज किया है। यूपीपीएससी पीसीएस परीक्षा परिणाम में भी महिलाओं की संख्या ज्यादा है।
ये परिणाम अस्थायी हैं और उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों के सत्यापन के बाद स्थायी माना जाएगा। इसके लिए आयोग अलग से अधिसूचना जारी करेगा। सभी सफल उम्मीदवारों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन (डीवी) किया जाएगा, जिसके बाद ही अंतिम नियुक्ति की सिफारिश भेजी जाएगी।
यह भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के इतिहास की सबसे चर्चित और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक रही है। इसकी शुरुआत में रिकॉर्ड 10 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। हालांकि, 11 फरवरी 2024 को हुई प्रारंभिक परीक्षा पेपर लीक विवाद के कारण रद्द करनी पड़ी थी, जिसके बाद उम्मीदवारों के कड़े विरोध और लंबी जांच के बाद दोबारा परीक्षाएं आयोजित की गईं। आरओ/एआरओ के लिए मुख्य परीक्षा 2 और 3 फरवरी, 2026 को हुई थी, जिसमें 5,930 उम्मीदवार शामिल हुए थे। एआरओ के चयनित उम्मीदवारों के लिए हिंदी टाइपिंग टेस्ट 16 से 19 फरवरी, 2026 तक हुआ था।