UPSC topper Scores: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा (CSE) के नतीजे आने के बाद से लोगों के बीच टॉपर के अंकों, रैंक और प्रदर्शन पर खूब चर्चा हो रही है। यह चर्चा इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि यूपीएससी सीएसई 2025 की परीक्षा में शीर्ष स्थान पाने वाले उम्मीदवारों के कुल अंकों में बहुत कम अंतर रहा है। देश की सबसे मुश्किल और प्रतिष्ठित परीक्षा में पहला स्थान पक्का करने वाले अनुज अग्निहोत्री ने मात्र 52.88% अंक प्राप्त किए हैं। यूपीएससी सीएसई 2025 की परीक्षा में उन्हें कुल 1071 अंक मिले हैं, जो कुल जो कुल मार्क्स का लगभग 52.88% है।
बता दें, आयोग ने 6 मार्च, 2026 को यूपीएससी सीएसई 2025 भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित किया था। इसके बाद परीक्षा के सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों की मार्कशीट और रैंक भी जारी की गई। आयोग द्वारा जारी अंकों से पता चलता है कि टॉप रैंक वाले उम्मीदवार ने कुल अंक के आधे से थोड़ा ज्यादा अंक हासिल कर पहले स्थान पर परचम लहराया। यूपीएससी सीएसई तीन चरणों की परीक्षा होती है, जिसमें प्री, मेन्स और पर्सनैलिटी टेस्ट होत हैं। यह परीक्षा कुल 2025 अंकों की होती है, जिसमें रिटन मेन्स एग्जाम के 1750 अंक और पर्सनैलिटी टेस्ट के 275 अंक होते हैं, जिससे कुल मार्क्स 2025 हो जाते हैं।
इस परीक्षा में टॉपर रहे अनुज अग्निहोत्री को लिखित परीक्षा और इंटरव्यू/पीटी में मिले अंक इस प्रकार हैं:
लिखित मुख्य परीक्षा में 867 अंक
पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) में 204 अंक
यूपीएससी सीएसई 2025 परीक्षा में दूसरे स्थान पर रहीं राजेश्वरी सुवे एम ने 1067 अंक हासिल किए, जो टॉपर से सिर्फ चार अंक पीछे हैं। उनके स्कोर में मेन्स में 865 अंक और इंटरव्यू में 202 अंक शामिल थे।
रैंक 3 हासिल करने वाले आकांश ढुल ने 1057 अंक हासिल किए। उन्हें लिखित परीक्षा में 864 अंक और इंटरव्यू में 193 अंक मिले।
इंटरव्यू के स्कोर से बना अंतर
यूपीएसई द्वारा जारी सीएसई 2025 की मार्क्सशीट यह भी दिखाती है कि पर्सनैलिटी टेस्ट फाइनल रैंकिंग पर कैसे असर डाल सकता है? उदाहरण के लिए, 5वें स्थान पर रहे ईशान भटनागर ने मुख्य परीक्षा में 823 अंक हासिल किए। उन्हें इंटरव्यू में टॉप रैंकर्स के मुकाबले 215 अंक मिले थे, लेकिन उनका उनका फाइनल स्कोर 1038 मार्क्स का रहा। हालांकि, इंटरव्यू में सबसे ज्यादा अंक तेजस्विनी सिंह के रहे हैं। उन्होंने पीटी में 225 अंक प्राप्त किए, जबकि उन्हें 62 ऑल इंडिया रैंक मिला।
इस साल जारी किए गए अंकों को देखकर पता चलता है कि यूपीएसई सीएसई 2025 में शीर्ष स्थान पर रहे उम्मीदवारों के कुल अंकों के बीच अंतर बहुत कम रहा। रैंक 1 और 5 रैंक के बीच सिर्फ 33 अंकों का अंतर था। इससे पता चलता है कि मुख्य लिखित परीक्षा या इंटरव्यू के अंकों में थोड़ा सा भी अंतर फाइनल रैंकिंग पर असर डाल सकता है।
सिविल सर्विस परीक्षा में,फाइनल रैंकिंग लिखित मेन्स परीक्षा और पर्सनैलिटी टेस्ट में मिले मार्क्स के आधार पर तय की जाती है। प्रीलिमिनरी परीक्षा सिर्फ एक स्क्रीनिंग स्टेज के तौर पर काम करती है और इसके अंक फाइनल रिजल्ट में नहीं गिने जाते हैं। सफल अभ्यर्थियों की मार्कशीट से एक बार फिर ये साबित होता है कि इस परीक्षा में जबरदस्त कॉम्पिटिशन है। इसमें 50% अंक पार करना भी देश के टॉप सिविल सर्विस एस्पिरेंट्स में जगह बनाने के लिए काफी है।