बाल खूबसूरत हैं, घने और सिल्की भी हैं, मगर इनमें मौजूद ये सफेद फ्लेक्स आपके पूरे लुक को बरबाद करने के लिए काफी होते हैं। रूसी सिर पर सफेद परत बना देती है जिससे खुजली होती है और हाथ लगाते ही सफेद फ्लेक्स उभर आने लगते हैं। ये इतने जिद्दी होते हैं, कि इन्हें हटाना आसान नहीं होता है। सिर में रूसी होने पर काफी खुजली भी होती है। इससे निपटने के लिए अक्सर लोग सैलों के महंगे ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं, लेकिन वो हर किसी की पहुंच में नहीं होते। ऐसे में घर में मौजूद कुछ घरेलू और बेहद आसान चीजों की मदद से रूसी से निजात पाई जा सकती है। इसके लिए आपको जिन तीन चीजों की जरूरत है, वो बड़े आराम से घर में ही मिल जाती हैं। ये कुछ और नहीं कपूर, नारियल तेल और तुलसी के पत्ते हैं।
आयुर्वेद के मुताबिक कपूर, नारियल तेल और तुलसी का मिश्रण डैंड्रफ को दूर करने में असरदार माना जाता है। इन तीनों का मिश्रण बनाकर बालों पर लगाने से बाल स्वस्थ होते हैं और डैंड्रफ रहित बन सकते हैं। इस मिश्रण को हफ्ते में दो बार बालों में लगा सकते हैं। अगर आपको इनमें से किसी भी चीज से एलर्जी है, तो डॉक्टर की सलाह लेने के बाद ही इनका उपयोग करें।
नारियल तेल : आयुर्वेद के मुताबिक नारियल तेल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो सिर में बैक्टीरिया को पनपने से रोकते हैं। इसमें मौजूद विटामिन और खनिज बालों को मजबूत और घना बनाते हैं। नारियल तेल का इस्तेमाल त्वचा के लिए लिए भी फायदेमंद रहता है। इसके नियमित इस्तेमाल से से सिर पर जमा रूसी जड़ से साफ हो जाती है।
कपूर : कपूर सिर में खून के बहाव को बढ़ाता है और रूखेपन को कम करने में मदद करता है। इसके एंटीबैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण रूसी से लड़ने में कागर माने जाते हैं। इसमें कई एंटीऑक्सीडेंट्स भी पाए जाते हैं। आयुर्वेद में नारियल के तेल में कपूर मिलाकर लगाने से कई बीमारियों में राहत मिलने की जानकारी दी गई है।
तुलसी के पत्ते : नारियल तेल में तुलसी के पत्ते मिलाकर लगाने से बालों की कायापलट हो सकती है। ये मिश्रण रूसी को कम करने के साथ ही, बालों का झड़ना और रूखापन को दूर करने में भी मदद करते हैं। साथ ही, ये बालों को चमकदार और मुलायम भी बनाते हैं। तुलसी के पत्तों में एंटी-ऑक्सीडेंट्स, विटामिन, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं।
बालों पर नारियल तेल, कपूर और तुलसी के पत्तों का मिश्रण बनाकर हफ्ते में 2-3 बार लगा सकते हैं। इसके लिए नारियल तेल में कपूर को पीस कर इसे घुलने तक मिलाएं। इसके बाद इसमें तुलसी के पत्ते मिला लें। फिर इस मिश्रण को बालों पर अच्छे से लगाएं। इसे लगाने के एक घंटे बाद हल्के शैंपू से सिर धो लें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें