सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग रजाई या कंबल में लिपटकर सोना पसंद करते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि रजाई या कंबल के अंदर मुंह ढककर सोना आपकी सेहत और त्वचा के लिए हानिकारक साबित हो सकता है? डर्मेटोलॉजिस्ट बताते हैं कि जब हम ऐसा करते हैं, तो रजाई या कंबल में जमा धूल, पसीना और बैक्टीरिया सीधे हमारी त्वचा और शरीर के संपर्क में आ जाते हैं। इससे न सिर्फ कील-मुंहासे और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, बल्कि सांस लेने और नींद की गुणवत्ता पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। लंबे समय तक इस आदत को अपनाने से फेफड़े, दिल और मेटाबॉलिज्म पर भी दुष्प्रभाव पड़ सकता है।
