सिलेंडर की किल्लत बढ़ी, गैस बचाने के ये तरीके आएंगे काम
Smart Way TO Use LPG Gas: देश के कई हिस्सों में अचानक एलपीजी सिलेंडर मिलना कठिन हो गया है और ब्लैक मार्केट में इसकी कीमतें काफी बढ़ गई हैं। हालांकि सरकार लोगों को घबराने की जरूरत नहीं बता रही है। ऐसे हालात में जरूरी है कि किचन गैस का इस्तेमाल सावधानी और समझदारी से किया जाए, ताकि खर्च कम हो और सिलेंडर की परेशानी से बचा जा सके
Smart Way TO Use LPG Gas: पूरी तरह से गैस चूल्हे पर निर्भर रहना हमेशा सही नहीं होता।
आज के दौर में बढ़ती महंगाई का असर रसोई तक साफ दिखाई दे रहा है। खासकर रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ने से आम लोगों का बजट प्रभावित हो रहा है। ऐसे में कई परिवारों के मन में यह सवाल उठता है कि आखिर कम गैस में ज्यादा और जल्दी खाना कैसे बनाया जाए। दरअसल, अगर किचन में कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो गैस की खपत को काफी हद तक कम किया जा सकता है। रोजमर्रा की कुकिंग में हम कई बार ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनकी वजह से गैस जरूरत से ज्यादा खर्च हो जाती है। जैसे गलत बर्नर का इस्तेमाल करना, बर्तन को ढककर न पकाना या फिर बिना तैयारी के खाना बनाना।
अगर इन आदतों को थोड़ा बदल लिया जाए और कुछ आसान किचन ट्रिक्स अपनाई जाएं, तो न सिर्फ गैस की बचत हो सकती है बल्कि खाना भी जल्दी तैयार हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि हम किचन में स्मार्ट तरीके अपनाएं और कम गैस में बेहतर कुकिंग का तरीका सीखें।
प्रेशर कुकर से करें स्मार्ट कुकिंग
अगर आप रोजाना खाना बनाते हैं तो प्रेशर कुकर आपके लिए सबसे बड़ा सहायक साबित हो सकता है। कुकर में खाना जल्दी पकता है, जिससे कुकिंग में लगने वाला समय 30 से 70 प्रतिशत तक कम हो सकता है।
इतना ही नहीं, अगर आप कुकर में दाल, चावल और सब्जी को एक साथ बनाने की ऑल-इन-वन तकनीक अपनाते हैं, तो गैस की खपत और भी कम हो जाती है।
दाल और अनाज को पहले से भिगोना फायदेमंद
अक्सर लोग दाल या मोटे अनाज को केवल सेहत के लिहाज से भिगोते हैं, लेकिन यह तरीका गैस बचाने में भी बेहद उपयोगी है।
जब दाल या अनाज को पहले से पानी में भिगो दिया जाता है, तो उन्हें पकाने में कम समय लगता है। इससे कुकिंग का समय लगभग 50 प्रतिशत तक घट सकता है और गैस की बचत होती है।
सही बर्नर का करें सही इस्तेमाल
अधिकतर गैस स्टोव में दो तरह के बर्नर होते हैं—छोटा और बड़ा। लेकिन कई लोग इसका सही इस्तेमाल नहीं जानते।
छोटे बर्तन के लिए छोटा बर्नर और बड़े बर्तन के लिए बड़ा बर्नर इस्तेमाल करना चाहिए। अगर बर्तन से बाहर फ्लेम निकलता है तो गैस बेकार जलती है। सही बर्नर चुनने से गैस की बचत आसान हो जाती है।
सब्जियां बारीक काटें और ढककर पकाएं
खाना जल्दी पकाने के लिए सब्जियों को बारीक काटना और बर्तन को ढककर पकाना बेहद जरूरी है।
जब बर्तन ढका होता है तो गर्मी अंदर ही रहती है और खाना जल्दी पक जाता है। इससे गैस कम खर्च होती है और खाना भी स्वादिष्ट बनता है।
बर्नर की सफाई भी है जरूरी
कई बार गैस ज्यादा खर्च होने की वजह गंदा बर्नर भी हो सकता है। इसलिए हफ्ते में कम से कम एक बार बर्नर की सफाई जरूर करें।
अगर फ्लेम नीले की बजाय पीले रंग का दिखाई दे, तो समझ लें कि बर्नर के छेद में गंदगी जमा हो गई है। इसे साफ करने से गैस की बर्बादी कम हो सकती है।
एक बार में ज्यादा खाना बनाकर करें स्टोर
आज लगभग हर घर में फ्रिज मौजूद है। ऐसे में आप एक बार में थोड़ा ज्यादा खाना बनाकर फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं।
इससे बार-बार गैस जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आपका समय भी बचेगा।
इलेक्ट्रिक अप्लायंस का भी लें सहारा
पूरी तरह से गैस चूल्हे पर निर्भर रहना हमेशा सही नहीं होता। आजकल इंडक्शन जैसे इलेक्ट्रिक कुकिंग अप्लायंस भी अच्छे विकल्प बन चुके हैं।
इनकी मदद से आप कई तरह के व्यंजन आसानी से बना सकते हैं और गैस की खपत को भी कम कर सकते हैं।