त्वचा की देखभाल को लेकर आज भी कई पुरुष सनस्क्रीन को जरूरी नहीं मानते। अधिकांश लोगों को लगता है कि इसकी जरूरत केवल तेज धूप या गर्मियों में पड़ती है, जबकि विशेषज्ञों का कहना है कि UV किरणें हर मौसम में त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। सनस्क्रीन को लेकर फैली कई गलतफहमियां लोगों को सही सुरक्षा से दूर रखती हैं, जिससे समय से पहले उम्र बढ़ने के संकेत, टैनिंग और अन्य त्वचा संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में इन मिथकों की सच्चाई जानना बेहद जरूरी है।
सुबह लगाया, तो पूरे दिन काम करेगा?
कुछ लोग सोचते हैं कि सुबह एक बार सनस्क्रीन लगाने के बाद दिनभर चिंता खत्म। लेकिन पसीना, धूल, प्रदूषण और त्वचा के संपर्क में आने वाली चीजें इसकी प्रभावशीलता कम कर देती हैं। इसलिए लंबे समय तक बाहर रहने पर दोबारा लगाना जरूरी होता है।
ज्यादा SPF मतलब पूरी सुरक्षा? ये भी गलत
SPF 50 या उससे ज्यादा वाली सनस्क्रीन बेहतर सुरक्षा जरूर देती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि त्वचा को 100% सुरक्षा मिल गई। हाई SPF भी नियमित री-एप्लिकेशन की जगह नहीं ले सकता।
सिर्फ सनस्क्रीन ही काफी है? नहीं भाई!
स्वस्थ त्वचा के लिए सिर्फ सनस्क्रीन लगाना काफी नहीं है। चेहरे की सफाई, मॉइस्चराइजर और बेसिक स्किनकेयर रूटीन भी उतना ही जरूरी है। सनस्क्रीन सुरक्षा देती है, लेकिन पूरी देखभाल नहीं।
“मेरी स्किन डार्क है, मुझे SPF की जरूरत नहीं”
यह धारणा भी काफी आम है। हालांकि गहरी रंगत वाली त्वचा में मेलानिन अधिक होता है, लेकिन इससे पिगमेंटेशन, समय से पहले झुर्रियां या अन्य नुकसान का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं होता। सनस्क्रीन हर स्किन टोन के लिए जरूरी है।
पुरुषों के लिए क्यों जरूरी है SPF?
विशेषज्ञों का कहना है कि कई पुरुष अब भी सनस्क्रीन को सिर्फ छुट्टियों, क्रिकेट मैच या तेज धूप वाले दिनों का प्रोडक्ट मानते हैं। जबकि रोजाना SPF का इस्तेमाल त्वचा को लंबे समय तक स्वस्थ रखने की सबसे आसान और असरदार आदतों में से एक है।
अगर आप अपनी त्वचा को आने वाले वर्षों तक स्वस्थ और जवान बनाए रखना चाहते हैं, तो क्लेंजिंग, मॉइस्चराइजिंग और रोजाना सनस्क्रीन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना शुरू कर दें। यही स्किन की असली सुरक्षा कवच है।