गर्मियों में ठंडी चीजों की जरूरत बढ़ जाती है और इसी के साथ फ्रिज की अहमियत भी। जैसे ही तापमान चढ़ता है, फ्रिज घर का सबसे व्यस्त और जरूरी इलेक्ट्रिक अप्लायंस बन जाता है, जो बिना रुके 24 घंटे चलता रहता है। पानी से लेकर सब्जियां, फल, दूध और बाकी खाने-पीने की चीजें फ्रिज में रखकर ही सुरक्षित रखी जाती हैं। लेकिन इसी दौरान एक सवाल बहुत लोगों के मन में आता है—क्या फ्रिज को लगातार चालू रखना सही है? क्या इसे कभी-कभी बंद कर देना चाहिए ताकि बिजली की बचत हो या फ्रिज को आराम मिले?
कुछ लोग इसे हर रोज कुछ घंटों के लिए बंद भी कर देते हैं, लेकिन क्या ये तरीका सही है या इससे फ्रिज को नुकसान हो सकता है? अगर आपके मन में भी यही उलझन है, तो परेशान न हों। आज हम आपको बताएंगे कि फ्रिज को कब बंद करना चाहिए और कब नहीं। आइए जानते हैं इसका सही तरीका।
क्या फ्रिज को हफ्ते में एक बार बंद करना चाहिए?
विशेषज्ञों की मानें तो फ्रिज को हफ्ते में एक-दो बार बंद करना जरूरी नहीं है। दरअसल, बार-बार फ्रिज को ऑन-ऑफ करने से इसके कंप्रेसर और कूलिंग सिस्टम पर दबाव बढ़ता है। इससे फ्रिज जल्दी खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए इसे बार-बार बंद करना नुकसानदेह हो सकता है।
मॉडर्न फ्रिज में होता है ऑटोमैटिक सिस्टम
आजकल आने वाले ज्यादातर फ्रिज में ऑटो-कट ऑन फीचर होता है। ये फीचर जरूरत के अनुसार फ्रिज को खुद ही चालू और बंद करता रहता है। इससे न तो बार-बार ऑफ करने की जरूरत पड़ती है और न ही कूलिंग पर कोई असर होता है।
किन हालात में फ्रिज को बंद करना सही होता है?
हालांकि कुछ स्थितियां ऐसी होती हैं जब फ्रिज को बंद करना जरूरी होता है
जब आप फ्रिज को डीप क्लीन कर रहे हों, तो पहले उसे बंद कर दें।
अगर आप कई दिनों के लिए घर से बाहर जा रहे हैं, तो फ्रिज को खाली करके बंद करना बेहतर होता है।
किसी तकनीकी समस्या या मरम्मत के दौरान भी फ्रिज को ऑफ करना सही रहता है।
बिजली बचाने के चक्कर में न करें ये गलती
कई लोग बिजली बचाने के लिए रोज कुछ घंटों के लिए फ्रिज को बंद कर देते हैं। लेकिन ये आदत बहुत नुकसानदेह हो सकती है। इससे न सिर्फ फ्रिज को नुकसान पहुंचता है, बल्कि अंदर रखा खाना भी खराब हो सकता है। इसलिए बेहतर यही है कि फ्रिज को लगातार चलने दें और जरूरत पड़ने पर ही बंद करें।