
खूबसूरत चेहरे के साथ सॉफ्ट और हेल्दी होंठ भी पूरे लुक को निखारते हैं। लेकिन बदलते मौसम, ठंडी हवा, तेज धूप और होंठों में नमी की कमी के कारण वे जल्दी रूखे और फटने लगते हैं। कम पानी पीने से ड्राइनेस बढ़ सकती है। जिसके लिए होंठों की सही देखभाल करना और उन्हें मॉइस्चराइज करना जरूरी होता है, ताकि वे सॉफ्ट और हेल्दी बने रहें।
होंठों की ड्राइनेस दूर करने के लिए बाजार में कई तरह के लिप बाम मिलते हैं, लेकिन घर पर भी आसान तरीके से लिप बाम तैयार किया जा सकता है। घी का उपयोग वैसे तो सदियों से स्किन की देखभाल के लिए किया जाता रहा है और यह होंठों को मॉइस्चराइज रखने में मदद कर सकता है। इसमें नारियल तेल और शहद जैसी चीजें मिलाकर एक आसान होममेड लिप बाम बनाया जा सकता है। इसे तैयार करने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और जरूरी सामान भी आसानी से घर में मिल जाती है।
घर पर घी का लिप बाम बनाने के लिए 4 बड़े चम्मच देसी घी, 2 बड़े चम्मच नारियल तेल और 1 बड़ा चम्मच शहद लें। खुशबू के लिए पुदीना या लैवेंडर एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं। इसके लिए एसेंशियल ऑयल इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है।
ऐसे बनाएं मिक्सचर
सबसे पहले एक छोटे बर्तन में घी और नारियल तेल डालकर धीमी आंच पर हल्का गर्म करें। दोनों चीजें अच्छी तरह पिघल जाएं तो गैस बंद कर दें और मिक्सचर को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद इसमें शहद डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें भी मिलाई जा सकती हैं।
फ्रिज में सेट करें
तैयार मिश्रण को किसी साफ और सूखे छोटे कंटेनर या खाली लिप बाम ट्यूब में डाल दें। इसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि मिक्सचर अच्छी तरह जम जाए। जमने के बाद आपका होममेड घी लिप बाम इस्तेमाल के लिए तैयार है।
इस्तेमाल करने से पहले सावधानी
पहली बार इस लिप बाम का इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा सा पैच टेस्ट कर लें। इसे हमेशा साफ और सूखे कंटेनर में रखें और गर्म या नमी वाली जगह पर रखने से बचें। जरूरत हो तो फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं। यदि लगाने के बाद जलन, खुजली या किसी तरह की एलर्जी महसूस हो, तो इसे लगाना तुरंत बंद कर दें।
घर पर घी से लिप बाम बनाना आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें भी आसानी से मिल जाती हैं। घी और नारियल तेल होंठों को मॉइस्चराइज रखने में मदद कर सकते हैं, जबकि शहद मिक्सचर को और उपयोगी बनाता है। लेकिन हर व्यक्ति की स्किन अलग होती है, इसलिए लगाने से पहले पैच टेस्ट करना सही होता है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।