मार्च का महीना आते ही बाजारों में अंगूरों की भरमार देखने को मिलती है और लोग बड़े चाव से इस रसीले फल का स्वाद लेते हैं। दिखने में छोटे और साधारण लगने वाले अंगूर असल में पोषण का खजाना होते हैं। इनमें कई जरूरी विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करते हैं। यही वजह है कि इन्हें सुपरफूड की श्रेणी में भी रखा जाता है। गर्मियों की शुरुआत के साथ अंगूर न सिर्फ शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं, बल्कि डिहाइड्रेशन से बचाने में भी सहायक होते हैं। इसके अलावा ये पाचन को बेहतर बनाने, ऊर्जा देने और इम्युनिटी बढ़ाने में भी मदद करते हैं।
