Assembly Election 2023: चुनाव आयोग आज सोमवार को पांच राज्यों- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। इस मामले में आयोग ने आज दोपहर 12 बजे राजधानी दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। जिसके बाद इन सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त समेत चुनाव आयोग के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहने वाले हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नवंबर दूसरे हफ्ते से दिसंबर के पहले हफ्ते तक अलग-अलग तारीखों और चरणों में इन राज्यों में मतदान हो सकते हैं।
पिछली बार की तरह राजस्थान, मध्य प्रदेश, मिजोरम और तेलंगाना में एक चरण में चुनाव कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, वोटिंग की तारीख अलग-अलग हो सकती है। लेकिन सभी चुनावी राज्यों की वोटों की गिनती एक साथ कराई जा सकती है।
किस राज्य की विधानसभा का कार्यकाल कब खत्म हो रहा?
40 सदस्यों वाली मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल दिसंबर में खत्म हो रहा है। 90 सदस्यों वाली छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल जनवरी में खत्म हो जाएगा। 230 सदस्यों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा, 200 सदस्यों वाली राजस्थान विधानसभा और 119 सदस्यों वाली तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल भी जनवरी में ही खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग पिछले दो महीनों से लगातार इन पांचों की राज्यों का दौरा कर रहा था, ताकि चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया जा सके। मिजोरम में पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था। जिसमें मिजो नेशनल फ्रंट ने जीत हासिल की थी। राज्य में सरकार बनाई थी। तब जोरमथांगा मुख्यमंत्री बने थे।
पिछली बार में मध्यप्रदेश के नतीजे
सूबे में पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था। उस चुनाव में कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाई थी। कमलनाथ राज्य के सीएम बने थे। लेकिन मार्च 2020 में, 22 कांग्रेस (Congress) विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए थे। इसके बाद राज्य में कमलनाथ सरकार गिर गई थी। फिर भाजपा ने राज्य में सरकार बनाई थी और शिवराज सिंह चौहान सीएम बने।