Madhya Pradesh Elections 2023: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (MP Election 2023) के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर 7 अक्टूबर को चर्चा की। हालांकि, अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 103 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लग गई है। साथ ही सूत्रों ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपनी पारंपरिक सीट छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने यह भी तय किया है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में जातिगत जनगणना उसका मुख्य एजेंडा होगा।
बता दें कि बिहार के बाद राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने भी जाति आधारित गणना कराने के लिए एक सरकारी आदेश जारी किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई CEC की बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, CEC के अन्य सदस्य, पार्टी महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ और कई अन्य नेता शामिल हुए।
जातिगत जनगणना होगा मुख्य एजेंडा
बैठक के बाद रणदीप सुरजेवाला ने पत्रकारों से कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मध्य प्रदेश की BJP सरकार के भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था की स्थिति और महिला विरोधी अपराधों को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में परिवर्तन की बयार बह रही है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम और काम का उल्लेख नहीं करते।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सुरजेवाला ने एक सवाल के जवाब में कहा, "जातिगत जनगणना मध्य प्रदेश में कांग्रेस का एक महत्वपूर्ण एजेंडा है। OBC, SC-ST भाइयों-बहनों को न्याय मिले, यह हमारा मुख्य एजेंडा है। बैठक में कमलनाथ जी और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अन्य साथियों ने बताया कि जातिगत जनगणना कांग्रेस का प्राथमिक एजेंडा रहेगा।"
उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश में 230 सीट हैं। एक बार हर सीट की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होती है। लगभग सभी सीट के बारे में चर्चा हुई…हम जल्द बैठक करेंगे और फिर नामों को अंतिम रूप देना शुरू करेंगे।"
मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरे के बारे में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने कहा, "कमलनाथ जी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। जो भी प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष होता है, वह स्वाभाविक रूप से कांग्रेस का चेहरा होता है।" बैठक के बाद कमलनाथ ने पत्रकारों से कहा, "आज सीईसी की बैठक हुई है। अभी कोई फैसला नहीं हुआ। यह फैसला छह-सात दिनों में हम करेंगे। लगभग 140 सीट पर चर्चा हुई। सबके सुझाव सुनकर फिर बैठक बुलाएंगे और फैसला करेंगे।"
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठित कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने पिछले महीने दो दिनों की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया था। मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ BJP अब तक 78 सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। उसने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते तथा पार्टी के कई अन्य सांसदों को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। राज्य में विधानसभा की कुल 230 सीट हैं। मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।