Assembly Elections 2023: बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव (Rajkummar Rao) अगले महीने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को वोट करने की अपील करते नजर आएंगे। हिंदी फिल्म 'न्यूटन (Newton)' में नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में चुनाव कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले एक अधिकारी की भूमिका के जरिए प्रशंसा बटोरने वाले एक्टर राजकुमार राव को निर्वाचन आयोग 'नेशनल आइकन (National Icon)' नियुक्त करेगा। चुनाव आयोग ने बुधवार को एक बयान जारी कर इस बार राजकुमार राव को अपना 'नेशनल आइकन' बनाने का ऐलान किया।
निर्वाचन आयोग मतदाताओं को चुनाव में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते प्रमुख भारतीयों को नेशनल आइकन के रूप में नियुक्त करता है। पीटीआई के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार गुरुवार 26 अक्टूबर को राजकुमार राव को नेशनल आइकन के रूप में औपचारिक रूप से नियुक्त करेंगे।
राव ने न्यूटन फिल्म में एक ऐसे कर्तव्यनिष्ठ सरकारी कर्मी का किरदार निभाया है जो एक सुरक्षा अधिकारी के संशय और उदासीनता के बाद भी छत्तीसढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कटिबद्ध है। इस फिल्म में उनके अभिनय की काफी तारीफ की गई है।
इस फिल्म ने हिंदी में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। इसके अलावा न्यूटन फिल्म ऑस्कर नाम से भी लोकप्रिय अकादमी पुरस्कार के 90वें संस्करण में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म कैटेगरी में भारत की एंट्री भी थी।
इससे पहले, निर्वाचन आयोग ने दिग्गज एक्टर पंकज त्रिपाठी और आमिर खान जैसे अभिनेताओं तथा महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और स्टार मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम जैसे खिलाड़ियों को मतदाताओं को मतदान के वास्ते प्रोत्साहित करने के लिए नेशनल आइकन नियुक्त किया है।